कोरोना: देश में बीते दिन मिले 30,941 मरीज, सक्रिय मामलों में कई दिन बाद गिरावट
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 30,941 नए मामले सामने आए और 350 मरीजों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,27,68,880 हो गई है। इनमें से 4,38,560 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कई दिन बाद कम होकर 3,70,640 रह गई है।
देश में पिछले दो महीने से दैनिक मामले लगभग स्थिर हो गए हैं और ये एक चिंता का विषय है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 36,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 36,275 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,19,59,680 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.53 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 13,94,573 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 52.15 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 64,60,680 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,37,209 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 40,27,030 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 34,899 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 29,48,228 मामलों और 37,293 मौतों के साथ कर्नाटक और 26,13,360 मामलों और 34,878 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 3,741 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 52 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह केरल में 19,662 लोगों को संक्रमित पाया गया और 132 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई दिनों से देश में सर्वाधिक मरीज मिल रहे हैं।
कर्नाटक में 973 मामले सामने आए और 15 मौतें हुईं।
तमिलनाडु में 1,523 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 21 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 64,05,28,644 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 59,62,286 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 21.70 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 21.70 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 45.9 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.90 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.39 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.07 करोड़ संक्रमितों में से 5.79 लाख मरीजों की मौत हुई है।