कोरोना वायरस: देश में बीते दिन सामने आए 18,139 नए मामले, 234 मौतें
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 18,139 नए मामले सामने आए और 234 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,04,13,417 हो गई है। इनमें से 1,50,570 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,25,449 हो गई है।
देश में सितंबर के बाद से ही लगातार नए मामलों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन 20,000 से ज्यादा मरीज हुए ठीक
ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 20,539 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,00,37,398 हो गई है। देश की रिकवरी 96.38 प्रतिशत हो गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,35,369 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 17.93 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 19,58,282 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 49,897 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 9,24,898 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 12,131 लोगों की मौत हुई है।
8,84,171 मामलों और 7,126 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 8,23,986 मामलों और 12,200 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
संक्रमण की स्थिति
सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में कैसे हैं हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 3,729 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 72 मरीजों की मौत हुई। राज्य में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है और नए मामले कम हो रहे हैं।
इसी तरह आंध्र प्रदेश में 295 नए मामले सामने आए। राज्य में बीते कुछ दिनों से रोजाना 400 से कम नए मामले आ रहे हैं।
वहीं तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में 805 और कर्नाटक में 761 लोगों को संक्रमित पाया गया।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 8.8 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 8.80 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 18.96 लाख की मौत हुई है।
सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 2.15 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 3.65 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 79.62 लाख संक्रमितों में से लगभग दो लाख मरीजों की मौत हुई है।