
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन सामने आए 12,408 नए मामले, 120 मरीजों की मौत
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 12,408 नए मामले सामने आए और 120 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,08,02,591 हो गई है। इनमें से 1,54,823 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,51,460 हो गई है। सितंबर में महामारी के चरम पर यह संख्या 10 लाख से ज्यादा थी।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन लगभग 16,000 मरीज हुए ठीक
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 15,853 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,04,96,308 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.16 प्रतिशत हो गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,15,776 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 19.99 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
देश के चार सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 20,36,002 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 51,215 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 9,50,811 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 3,813 मौतें हुई हैं।
9,41,070 मामलों और 12,227 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,88,178 मामलों और 7,157 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,736 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 46 मरीजों की मौत हुई। राज्य में स्थिति नियंत्रण में है।
केरल में बीते दिन 6,3102 लोगों को संक्रमित पाया गया और 17 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह आंध्र प्रदेश में 79 नए मामले सामने आए, लेकिन यहां कोई मौत नहीं हुई, वहीं कर्नाटक में 474 मामले सामने आए और दो लोगों की मौत हुई।
जानकारी
अब तक 49.59 लाख लोगों को लगाई गई वैक्सीन
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में शुक्रवार तक 49,59,445 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। गुरुवार को 5,09,893 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 10.48 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 10.48 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 22.81 लाख की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.66 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 4.55 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 93.96 लाख संक्रमितों में से लगभग 2.29 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।