Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन लगभग 44,000 नए मामले, दिल्ली में रिकॉर्ड उछाल

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन लगभग 44,000 नए मामले, दिल्ली में रिकॉर्ड उछाल

Oct 28, 2020
09:50 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 43,893 नए मामले सामने आए और 508 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 79,90,322 हो गई है, वहीं 1,20,010 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 6,10,803 हो गई है। आज से पहले लगातार दो दिन देश में 500 से कम मौतें हुई थीं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए लगभग 58,439 मरीज

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 58,439 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 72,59,509 हो गई है और देश की रिकवरी रेट 90.85 प्रतिशत हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 10,66,786 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 10.55 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 16,54,028 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 43,463 लोगों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक 8,11,825 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 6,625 मरीजों की मौत हुई है। 8,09,638 मामलों और 10,991 मौतों के साथ कर्नाटक और 7,14,235 मामलों और 10,983 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

ज्यादातर राज्यों में नए मामलों में आ रही लगातार गिरावट

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 5,363 नए सामने सामने आए और 115 मरीजों ने दम तोड़ा। इससे पहले कल राज्य में 100 से कम मौतें हुई थीं। आंध्र प्रदेश में 2,901 और तमिलनाडु में 2,522 नए मामले सामने आए और इन दोनों ही राज्यों में दैनिक मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। वहीं कर्नाटक में 3,691 नए मामले सामने आए और यहां भी स्थिति सुधरती हुई नजर आ रही है।

डाटा

दिल्ली में 4,853 नए मामले, अब तक एक दिन में सबसे अधिक

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 4,853 नए मामले सामने आए जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक हैं। इसके अलावा 44 मरीजों की मौत हुई। शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 3,64,341 हो गई है, वहीं 6,356 लोगों की मौत हुई है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 4.39 करोड़ संक्रमित, 11.66 लाख की मौत

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 4.39 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 11.66 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 87.77 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.27 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 54.39 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.58 लाख मरीजों की मौत हुई है।