Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन लगभग 75,000 नए मामले, एक लाख से अधिक हुए ठीक

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन लगभग 75,000 नए मामले, एक लाख से अधिक हुए ठीक

Sep 22, 2020
10:14 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 75,083 नए मामले सामने आए और 1,053 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। देश में कई हफ्ते बाद 80,000 से कम नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 55,62,663 हो गई है, वहीं 88,935 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 9,75,861 हो गई है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पहली बार एक दिन में ठीक हुए एक लाख से अधिक मरीज

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना वायरस के 1,01,468 मरीज ठीक हुए जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक हैं। इसी के साथ देश में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 44,97,867 हो गई है और रिकवरी रेट 80.85 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,33,185 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 6.53 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 12,24,380 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 33,015 लोगों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक 6,31,749 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 5,410 मरीजों की मौत हुई है। 5,47,337 मामलों और 8,871 मौतों के साथ तमिलनाडु और 5,26,876 मामलों और 8,145 मौतों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र में बीते दिन इस महीने में सबसे कम नए मामले

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 15,738 नए सामने सामने आए और 344 मरीजों ने दम तोड़ा। ये राज्य में इस महीने एक दिन में सामने आए सबसे कम नए मामले हैं। आंध्र प्रदेश में बीते दिन 6,235 और तमिलनाडु में 5,344 नए मामले सामने आए। इन दोनों राज्यों में नए मामलों में स्थिरता आती हुई नजर आ रही है। वहीं कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में 7,339 नए मामले सामने आए।

डाटा

दिल्ली में कम टेस्टों के कारण नए मामलों में गिरावट

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 2,548 नए मामले सामने आए और 32 लोगों की मौत हुई। कम टेस्ट किए जाने के कारण ये गिरावट आई है। शहर में कुल 2,49,259 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 5,014 की मौत हुई है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में लगभग 3.14 करोड़ संक्रमित

वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 3.14 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 9.69 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में लगभग 70.46 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 2.04 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 45.60 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.37 लाख मरीजों की मौत हुई है।