Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन लगभग 70,000 नए मामले, एक दिन में सबसे अधिक

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन लगभग 70,000 नए मामले, एक दिन में सबसे अधिक

Aug 20, 2020
09:59 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 69,652 नए मामले सामने आए और 977 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 28,36,925 हो गई है, वहीं 53,866 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 6,86,395 हो गई है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

लगभग 74 प्रतिशत हुई रिकवरी रेट, बीते दिन रिकॉर्ड टेस्ट

अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 58,794 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 20,96,664 हो गई है और देश की रिकवरी रेट 73.90 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,18,470 टेस्ट किए गए गए जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक है। देश में अब तक कुल 3.26 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र पहले स्थान पर बना हुआ है। यहां अब तक 6,28,642 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 21,033 मरीजों की मौत हुई है। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 3,55,449 मामले सामने आए हैं और 6,123 मरीजों की मौत हुई है। 2,906 मौत और 3,16,003 मामलों के साथ आंध्र प्रदेश और 4,327 मौत और 2,49,590 मामलों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र और कर्नाटक में बीते दिन रिकॉर्ड नए मामले

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 13,165 नए मामले सामने आए और 346 मरीजों की मौत हुई। ये राज्य में एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। वहीं आंध्र प्रदेश में 9,742 और तमिलनाडु में 5,795 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में 8,642 नए मामले सामने आए, जो राज्य में अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं।

डाटा

दिल्ली में बीते दिन 1,398 नए मामले

देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां अब तक 1,56,139 लोगों को इस खतरनाक वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 4,235 लोगों की मौत हुई है। शहर में पिछले 24 घंटे में 1,398 नए मामले सामन आए और 9 मौतें हुईं।

दुनिया की स्थिति

अमेरिका और ब्राजील सबसे अधिक प्रभावित देश

पूरी दुनिया की बात करें तो 'जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी' के अनुसार, अब तक 2.23 करोड़ संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 7.86 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में लगभग 55.29 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.73 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 34.56 लाख संक्रमितों में से 1.11 लाख मरीजों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में चौथे स्थान पर है।