Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 66,732 नए मामले, 816 ने तोड़ा दम

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 66,732 नए मामले, 816 ने तोड़ा दम

Oct 12, 2020
09:41 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 66,732 नए मामले सामने आए और 816 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 71,20,538 हो गई है, वहीं 1,09,150 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 8,61,853 हो गई है। देश में इससे पहले 6 अक्टूबर को 70,000 से कम (61,267) नए मामले सामने आए थे।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 71,559 मरीज

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 71,559 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 61,49,535 हो गई है और देश की रिकवरी रेट 86.36 प्रतिशत हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,94,851 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 8.78 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 15,28,226 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 40,349 लोगों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक 7,55,727 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 6,224 मरीजों की मौत हुई है। 7,10,309 मामलों और 9,966 मौतों के साथ कर्नाटक और 6,56,385 मामलों और 10,252 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

कर्नाटक को छोड़ बाकी राज्यों में सुधर रही स्थिति

नए मामलों की बात करें तो सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बीते दिन 10,792 नए सामने सामने आए और 309 मरीजों ने दम तोड़ा। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 5,210 और तमिलनाडु में 5,015 नए मामले सामने आए। इन तीनों राज्यों में स्थिति स्थिर होती हुई नजर आ रही है। वहीं कर्नाटक में 10,000 से अधिक नए मामले आने का क्रम टूटा और बीते दिन राज्य में 9,523 नए मामले सामने आए।

डाटा

दिल्ली में 25 सितंबर के बाद कल सबसे कम मौतें

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 2,780 नए मामले सामने आए और 29 मरीजों की मौत हुई जो 25 सितंबर के बाद सबसे कम हैं। शहर में कोरोन संक्रमितों की संख्या 3,09,339 हो गई है, वहीं 5,769 लोगों की मौत हुई है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 3.74 करोड़ हुए संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 3.74 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 10.75 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 77.61 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.15 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 50.94 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.50 लाख मरीजों की मौत हुई है।