कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 21,822 नए संक्रमित, 299 की मौत
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 21,822 नए मामले सामने आए और 299 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,02,66,674 हो गई है। इनमें से 1,48,738 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,57,656 हो गई है।
देश में सितंबर के बाद से संक्रमण की रफ्तार धीमी हुई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
रिकवरी रेट 96 प्रतिशत के पार
ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 26,139 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 98,60,280 हो गई है। देश में रिकवरी 96.04 प्रतिशत पहुंच गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,27,244 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 17.20 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सबसे प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 19,28,603 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 49,463 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 9,18,544 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 12,081 लोगों की मौत हुई है।
8,81,948 मामलों और 7,104 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 8,17,077 मामलों और 12,109 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
राहत
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में स्थिति काबू में
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 3,537 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 70 मरीजों की मौत हुई। राज्य में स्थिति काबू में बनी हुई है और यहां मामले लगातार कम बने हुए हैं।
इसी तरह आंध्र प्रदेश में 349 नए मामले सामने आए। राज्य में बीते कुछ हफ्तों से रोजाना 500 से कम नए मामले आ रहे हैं।
वहीं तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में 945 और कर्नाटक में 973 लोगों को संक्रमित पाया गया।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 18 लाख से ज्यादा मौतें
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 8.26 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 18.04 लाख की मौत हुई है।
सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 1.97 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 3.42 लाख लोगों की मौत हुई है। केवल अमेरिका में कोरोना संक्रमितों की संख्या भारत से अधिक है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 76.19 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.94 लाख मरीजों की मौत हुई है।