Page Loader
उत्तर प्रदेश में 5 फरवरी से होगा 'भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव' का आयोजन
उत्तर प्रदेश में होगा 'भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव' का आयोजन

उत्तर प्रदेश में 5 फरवरी से होगा 'भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव' का आयोजन

Jan 31, 2025
02:06 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश सरकार भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए 5 से 23 फरवरी तक 'भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव' का आयोजन करेगी। सरकार के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की है। इस महोत्सव में राज्य और नेपाल के कलाकार गीत और नृत्य प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के तहत नेपाल की सीमा से लगने वाले भारतीय जिलों में सांस्कृतिक यात्रा भी निकाली जाएगी। आइए महोत्सव का पूरा कार्यक्राम जानते हैं।

शुरुआत

सिद्धार्थनगर से होगी यात्रा की शुरुआत

अधिकारी ने बताया कि सीमावर्ती जिलों के लिए यात्रा की शुरुआत 5 फरवरी को सिद्धार्थनगर से होगी। इसके बाद यह यात्रा महाराजगंज, कुशीनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराईच और लखीमपुर खीरी से होते हुए 23 फरवरी को पीलीभीत में पहुंचकर समाप्त होगी। अधिकारी ने बताया कि यह महोत्सव, भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने और दोनों देशों के सांस्कृतिक, सामाजिक और कूटनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।

बयान

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने भी जारी किया बयान

इससे पहले, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने एक बयान में कहा, "भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना तथा सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को बढ़ावा देना है।" उन्होंने आगे कहा, "दोनों देशों के बीच भाषा, धर्म, रीति-रिवाज और त्योहारों की साझा विरासत इस महोत्सव को और भी खास बनाती है। यह दोनों देशों के नागरिकों को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान करता है।"