Page Loader
कोरोना वायरस: देश में संक्रमितों की संख्या 65 लाख पार, बीते दिन 75,829 नए मामले

कोरोना वायरस: देश में संक्रमितों की संख्या 65 लाख पार, बीते दिन 75,829 नए मामले

Oct 04, 2020
10:16 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 75,829 नए मामले सामने आए और 940 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 65,49,373 हो गई है, वहीं 1,01,782 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 9,37,625 हो गई है। देश में बीते दो हफ्ते से अधिक समय से 90,000 से कम नए मामले सामने आ रहे हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

रिकवरी रेट 84 प्रतिशत पार

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना वायरस के 82,260 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ देश में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 55,09,966 हो गई है और रिकवरी रेट 84.12 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,42,131 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में कुल 7.90 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 14,30,861 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 37,758 लोगों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक 7,13,014 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 5,941 मरीजों की मौत हुई है। 6,30,516 मामलों और 9,219 मौतों के साथ कर्नाटक और 6,14,507 मामलों और 9,718 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

कर्नाटक को छोड़ बाकी राज्यों में राहत

नए मामलों की बात करें तो सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बीते दिन 14,348 नए सामने सामने आए और 278 मरीजों ने दम तोड़ा। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 6,224 और तमिलनाडु में 5,622 नए मामले सामने आए। इन दोनों राज्यों में स्थिति स्थिर होती नजर आ रही है। हालांकि कर्नाटक में राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है और राज्य में एक बार फिर लगभग 10,000 नए मामले सामने आए। यहां बीते दिन 9,886 नए मरीज मिले।

डाटा

दिल्ली में बीते दिन 2,258 नए मामले

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 2,258 नए मामले सामने आए। कम टेस्ट किए जाने के कारण नए मामलों में ये कमी आई है। शहर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 2,87,930 हो गई है, वहीं 5,472 लोगों की मौत हुई है।

वैश्विक स्थिति

दुनिया में कुल 3.47 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 3.47 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 10.31 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 73.79 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.09 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 48.80 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.45 लाख मरीजों की मौत हुई है।