Page Loader
भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 58 लाख पार, बीते दिन रिकॉर्ड लगभग 15 लाख टेस्ट

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 58 लाख पार, बीते दिन रिकॉर्ड लगभग 15 लाख टेस्ट

Sep 25, 2020
10:14 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 86,052 नए मामले सामने आए और 1,141 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 58,18,570 हो गई है, वहीं 92,290 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 9,70,116 हो गई है। देश में छह दिन बाद सक्रिय मामलों की संख्या में इजाफा हुआ है और इससे पहले ये घट रहे थे।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

रिकवरी रेट लगभग 82 प्रतिशत, बीते दिन किए गए रिकॉर्ड लगभग 15 लाख टेस्ट

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना वायरस के 81,177 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ देश में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 47,56,164 हो गई है और रिकवरी रेट 81.74 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 14,92,409 टेस्ट किए गए गए जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक हैं। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 6.89 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 12,82,963 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 34,345 लोगों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक 6,54,385 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 5,558 मरीजों की मौत हुई है। 5,63,691 मामलों और 9,076 मौतों के साथ तमिलनाडु और 5,48,557 मामलों और 8,331 मौतों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र में फिर 20,000 से नीचे रही नए मामलों की संख्या

नए मामलों की बात करें तो बीते दिन महाराष्ट्र में 19,164 नए सामने सामने आए और 459 मरीजों ने दम तोड़ा। इससे पहले कल राज्य में 21,000 से अधिक नए मामले सामने आए थे। आंध्र प्रदेश में बीते दिन 7,855 और तमिलनाडु में 5,692 नए मामले सामने आए। इन दोनों राज्यों में नए मामलों में स्थिरता आती हुई नजर आ रही है। वहीं कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में 7,710 नए मामले सामने आए।

डाटा

दिल्ली में सामने आए 3,834 नए मामले

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 3,834 नए मामले सामने आए और 36 लोगों की मौत हुई। इसी के साथ शहर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 2,60,623 हो गई है, वहीं 5,123 की मौत हुई है।

वैश्विक स्थिति

दुनिया में कुल 3.21 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 3.21 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 9.81 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 69.77 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.03 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 46.57 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.40 लाख मरीजों की मौत हुई है।