Page Loader
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में 3 दिन बारिश के आसार, हिमाचल में राजमार्ग बंद
उत्तर प्रदेश समेत कई प्रदेशों में अगले 3 दिन तक बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में 3 दिन बारिश के आसार, हिमाचल में राजमार्ग बंद

लेखन गजेंद्र
Sep 08, 2023
11:48 am

क्या है खबर?

मानसून ने अगस्त में रफ्तार धीमी करने के बाद सितंबर में फिर जोर पकड़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई प्रदेशों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले 3 दिन तक बारिश होगी। उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटे तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बारिश के बाद भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 बंद कर दिया गया है।

मानसून

दिल्ली में अगले 2 दिन तक बारिश की संभावना

दिल्ली में G-20 शिखर सम्मेलन के बीच IMD ने यहां अगले 2 दिन तक बारिश की संभावना जताई है। मौसम की निगरानी के लिए मौसम विभाग ने प्रगति मैदान के पास ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर समेत 24 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर, रायबरेली, अमेठी, लखनऊ समेत अन्य जगह मध्यम बारिश हो सकती है।

बारिश

कहां कितनी हुई बारिश?

IMD के मुताबिक, 1 जून, 2023 से 7 सितंबर, 2023 तक 5 राज्यों में सामान्य से कम बारिश हुई है। सबसे अधिक हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 26 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। इसके बाद राजस्थान में सामान्य से 5 प्रतिशत और गुजरात में 8 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। मध्य प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत, दिल्ली में 6, उत्तर प्रदेश में 20, महाराष्ट्र में 13 और बिहार में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है।