Page Loader
दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में 18 मई तक चलेगी धूल भरी आंधी, बारिश की संभावना
दिल्ली और आसपास के राज्योंं में धूल भरी आंधी की संभावना (तस्वीर: ट्विटर/@PrashastiiS)

दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में 18 मई तक चलेगी धूल भरी आंधी, बारिश की संभावना

लेखन गजेंद्र
May 17, 2023
11:05 am

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संभावना जताई है कि दिल्ली में चल रही धूल भरी आंधी 18 मई तक चलती रहेगी। इसका असर आसपास के राज्यों में भी दिखाई देगा। संभावना है कि दिल्ली में बुधवार और गुरुवार को बारिश हो सकती है, जिसके बाद आंधी से कुछ हद तक निजात मिलेगी। बता दें, मंगलवार सुबह पूरी दिल्ली में तेज हवाएं चलीं और धूल उड़ी। इससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई और साथ ही दृश्यता घटकर 1,000 मीटर रह गई थी।

मौसम

इन राज्यों में भी धूल भरी आंधी चलने का अनुमान

IMD का अनुमान है कि दिल्ली के अलावा हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी धूल भरी आंधी चल सकती है। मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी ऐसे मौसम का अनुमान है। इसका कारण मध्य प्रदेश और राजस्थान की गर्म हवाओं को बताया जा रहा है। ओडिशा में अगले 5 दिन तक लू चलने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में 18 और 19 मई को तेज बारिश की संभावना है।