उत्तराखंड के 8 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी, इन राज्यों में भी संभावना
क्या है खबर?
भारत के राज्यों से दक्षिण-पश्चिम मानसून लौट रहा है, लेकिन जाते-जाते यह उत्तर भारत समेत कई राज्यों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का अनुमान लगाया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब समेत और कुछ उत्तरी राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है, वहीं तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
बारिश
उत्तराखंड के इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी
IMD ने उत्तराखंड के 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
यहां अगले 4 दिनों में देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में मध्यम बारिश हो सकती है और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
राज्य के 4,200 मीटर से अधिक की ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई जा रही है।
बारिश
कैसा रहेगा दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम?
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 8 से 14 अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है।
दिल्ली में 9 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत कुछ हिस्सों में अगले 2 दिन तक छिटपुट बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी बारिश की संभावना है।
मानसून
मानसून की विदाई, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
आधिकारिक तौर पर मानसून की वापसी कई राज्यों से हो चुकी है, लेकिन उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदला है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्वी बिहार के आसपास, बिहार से तेलंगाना तक, दक्षिण केरल तट और दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के आसपास सिस्टम सक्रिय है।
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी है। यहां अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो रही है।