Page Loader
आंध्र प्रदेश सहित 4 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली में भी मेहरबान रहेंगे बादल
देश के 4 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी (तस्वीर: प्रतीकात्मक)

आंध्र प्रदेश सहित 4 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली में भी मेहरबान रहेंगे बादल

Sep 08, 2024
08:59 am

क्या है खबर?

देशभर में मानसून के एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। देश के अलग-अलग इलाकों में हो रही भारी बारिश से हुए जलभराव के कारण लोग अब परेशान होने लगे हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग स्‍थानों पर रविवार (8 सितंबर) के लिए भी भारी बारिश का अनुमान जताया है। IMD के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश में अत्‍यधिक भारी बारिश तो मध्‍य महाराष्‍ट्र, तेलंगाना और ओडिशा में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

अलर्ट

आंध्र प्रदेश के लिए रेड तो ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट

IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश के लिए बारिश का रेड अलर्ट तो मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिम भारत के ज्‍यादातर इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही अगले 7 दिनों में मध्य प्रदेश, 8 से 12 सितंबर के मध्‍य छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, 8-13 सितंबर तक विदर्भ, 08-10 सितंबर तक मध्य महाराष्ट्र और 12-13 सितंबर को मराठवाड़ा में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

अन्य

अन्य राज्यों में क्या रहेगी स्थिति?

IMD के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश की आशंका है। इसी तरह आज हरियाणा और राजस्थान, 9-11 सितंबर तक उत्तराखंड, 10-11 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 9 से 13 सितंबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में भारी बारिश का अनुमान है।

जानकारी

दिल्ली में कैसे रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।