Page Loader
हरियाणा विधानसभा चुनाव: फर्जी वोट को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच चाकूबाजी, 3 घायल
हरियाणा में फर्जी मतदान के चलते हुई चाकूबाजी

हरियाणा विधानसभा चुनाव: फर्जी वोट को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच चाकूबाजी, 3 घायल

Oct 05, 2024
06:18 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को सभी 90 सीटों पर मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक 61 प्रतिशत मतदाता मताधिकार का उपयोग कर चुके थे। इसके अलावा, सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। इस बीच पानीपत के नोहरा गांव में फर्जी वोट डालने को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों में चाकू भी चले। इस दौरान चाकू लगने से 3 युवक घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

घटना

कार्यकर्ताओं में कैसे हुआ टकराव?

पुलिस के अनुसार, दोपहर में गांव का कमल उर्फ पप्पू कांग्रेस के लिए फर्जी वोट डाल रहा था। भाजपा के एजेंट सेठपाल ने उसको रोका, लेकिन वह नहीं माना। इस पर दोनों में कहासुनी होने पर कमल ने बलबीर, जोनी व सन्नी ने कॉल कर दर्जनों युवकों को बुला लिया। पुलिस ने बताया कि युवकों ने सोनू, सेठपाल और सतबीर को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। उसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

मतदान

झगड़े के कारण प्रभावित हुई मतदान प्रक्रिया

पुलिस ने बताया कि बूथ पर तैनात पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वो फरार हो गए। इस घटना के कारण करीब 15 मिनट तक मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। पुलिस ने बताया कि तीनों घायल युवकों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने मेडिकल परीक्षण के बाद इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।