Page Loader
रेप और हत्या के दोषी राम रहीम को फिर मिली पैरोल, हरियाणा सरकार ने दी मंजूरी
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिली 30 दिन की पैरौल (तस्वीर: फेसबुक/DeraSachaSauda)

रेप और हत्या के दोषी राम रहीम को फिर मिली पैरोल, हरियाणा सरकार ने दी मंजूरी

लेखन गजेंद्र
Jul 20, 2023
02:36 pm

क्या है खबर?

अपनी शिष्याओं से रेप और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 30 दिन की पैरोल मिल गई। वह कुछ दिन में रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आएगा। वह 15 अगस्त को अपना जन्मदिन अनुयायियों के साथ मनाएगा। आजतक के मुताबिक, राम रहीम की पैरोल को हरियाणा सरकार ने मंजूरी दे दी है। इससे पहले भी उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी।

कृपा

कैद के 30 महीने में 7वीं बार पैरोल पर बाहर आया राम रहीम

दैनिक भास्कर के मुताबिक, पैरोल के दौरान राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा आश्रम में रहेगा। आश्रम के पास सुरक्षा बढ़ी है। दोषी को इसी साल जनवरी में 40 दिन की पैरोल मिली थी। जेल में 30 महीने रहने के दौरान राम रहीम की यह 7वीं पैरोल होगी। सबसे पहले उसे अक्टूबर 2020, मई 2021, फरवरी 2022, जून 2022, अक्टूबर 2022 और जनवरी 2023 में उसे पैरोल मिल चुकी है।

सजा

2017 में सुनाई गई थी सजा

राम रहीम सिरसा स्थित आश्रम में महिला अनुयायियों से बलात्कार के मामले में 20 साल की सजा काट रहा है। पंचकूला की एक विशेष केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अदालत ने अगस्त, 2017 में मामले में उसे दोषी ठहराया था। इसके अलावा डेरा के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह और एक अन्य रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी अदालत ने उसे सुनाई है। पैरोल के दौरान राम रहीम को सिरसा डेरे में जाने की अनुमति नहीं है।