गोवा के सरकारी विभागों की वेबसाइट्स पर लगे अश्लील वेबसाइट के लिंक
गोवा सरकार के शिक्षा विभाग और आधिकारिक भाषा विभाग की वेबसाइट पर अश्लील वेबसाइट का लिंक दिया गया है। दोनों वेबसाइट पर डिजीलॉकर, डिजिटल इंडिया और आधार आदि की वेबसाइट के लिंक दिए गए हैं। डिजीलॉकर और डिजीटल इंडिया के आइकन पर क्लिक करने से इनकी आधिकारिक वेबसाइट पर पहुंचा जा सकता है, लेकिन आधार के आइकन पर क्लिक करने से एक अश्लील वेबसाइट खुलती है। इसका URL आधार की वेबसाइट से मिलता-जुलता है, लेकिन यह अश्लील वेबसाइट है।
शिक्षा और आधिकारिक भाषा विभाग की वेबसाइट पर लगे अश्लील लिंक
शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर कानून और नियमों, सूचना के अधिकार, छात्रवृतियों और मीड डे मील योजना समेत दूसरी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं। इसके नीचे फ्लोटिंग आइकन बने हुए हैं, जिन पर डिजिटल इंडिया और आधार की वेबसाइट के लिंक दिए गए हैं। इनमें से आधार की वेबसाइट पर क्लिक करने से यह इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर न ले जाकर एक अश्लील वेबसाइट पर रिडायरेक्ट कर देता है। ऐसा ही हाल आधिकारिक भाषा विभाग की वेबसाइट का है।
ऐसे कैसे डिजिटल होगा इंडिया?
सरकारी विभागों की वेबसाइट पर अश्लील लिंक मिलने की खबरें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। सरकार एक तरफ इंडिया को डिजिटल करने पर जोर दे रही है, लेकिन दूसरी तरफ सरकारी विभागों की वेबसाइट की देखरेख भी नहीं की जा रही। शिक्षा जैसे विभाग की वेबसाइट पर रोजाना हजारों की संख्या में छात्र आते होंगे। ऐसे में उस वेबसाइट पर अश्लील लिंक मिलना बड़े सवाल खड़े करता है।