Page Loader
मुंबई के सायन अस्पताल के वार्ड में महिला डॉक्टर से मारपीट, आरोपी फरार
मुंबई के सायन अस्पताल में महिला डॉक्टर पर हमला हुआ है

मुंबई के सायन अस्पताल के वार्ड में महिला डॉक्टर से मारपीट, आरोपी फरार

Aug 18, 2024
12:40 pm

क्या है खबर?

देश के अस्पतालों में डॉक्टरों पर हमले की घटनाएं थम नहीं रही है। रविवार सुबह भी मुंबई के सायन अस्पताल में नशे में धुत एक व्यक्ति और उसके साथियों ने ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर पर हमला कर दिया। घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। उस समय डॉक्टर वार्ड में ड्यूटी पर थी। उस दौरान आरोपी चेहरे पर चोट के साथ अस्पताल पहुंचा था। उपचार के दौरान उसके साथियों ने डॉक्टर से अभद्रता कर हमला कर दिया।

परिणाम

मारपीट में डॉक्टर को आई कई चोटें

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घटना के समय सभी आरोपी शराब के नशे में धुत थे। हमले में डॉक्टर को कई चाटें आई हैं। हमले के बाद मरीज और उसके साथी अस्पताल से भाग गये। इस संबंध में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई गयी है। इधर, बृहन्मुंबई मुन्सिपल (MBC) महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (MARD) के प्रमुख डॉ अक्षय मोरे ने इस घटना को खतरनाक और एक महत्वपूर्ण सुरक्षा विफलता का संकेत बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

बयान

डॉक्टर्स एसोसिएशन ने अस्पतालों में सुरक्षा विफलता को उजागर किया

डॉ मोरे ने कहा, "हमारे डॉक्टरों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। इस स्थिति पर तत्काल ध्यान देने और सभी अस्पतालों में सख्त सुरक्षा उपायों को लागू करने की आवश्यकता है।" यह हमला कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय स्नातकोत्तर ट्रेनी डॉक्टर के बलात्कार और हत्या पर देशव्यापी विरोध के बीच हुआ है। बता दें कि 9 अगस्त को ड्यूटी के दौरान ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी।