Page Loader
महाराष्ट्र: पूर्व वायुसेना प्रमुख की पत्नी नहीं कर सकीं मतदान, सूची से नाम गायब
पूर्व वायुसेना प्रमुख प्रदीप वसंत नाइक की पत्नी का नाम मतदाता सूची से कटा (तस्वीर: एक्स/@iimunofficial)

महाराष्ट्र: पूर्व वायुसेना प्रमुख की पत्नी नहीं कर सकीं मतदान, सूची से नाम गायब

लेखन गजेंद्र
May 13, 2024
11:03 am

क्या है खबर?

पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल प्रदीप वसंत नाइक सोमवार को महाराष्ट्र के पुणे में अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे, लेकिन उनकी पत्नी को निराश होकर लौटना पड़ा। 76 वर्षीय वसंत नाइक, उनकी पत्नी मधुबाला और उनके 45 वर्षीय बेटे विनीत सुबह मतदान शुरू होते ही सैंपलिंग स्कूल बानेर रोड स्थित मतदान केंद्र पहुंचे थे। वहां नाइक औऱ विनीत ने तो मतदान कर दिया, लेकिन उनकी पत्नी मधुबाला का नाम मतदाता सूची में नहीं था।

शिकायत

निर्वाचन कर्मचारियों से नहीं मिली कोई मदद

नाइक ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि उन्होंने इस संबंध में निर्वाचन कर्मचारी से शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने कहा कि वह कोई मदद नहीं कर सकते। उन्होंने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि सूची से कई नाम हटे हैं, इसका पता लगाया जाना चाहिए कि मतदाता सूची से इस तरह नाम क्यों कट रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास स्थानीय पार्षद की ओर से नाम की पर्चियां भी दी गई थीं, लेकिन उसका फायदा नहीं हुआ।

चुनाव

पुणे में कांग्रेस और भाजपा के बीच टक्कर

2019 के लोकसभा चुनाव में पुणे सीट से भाजपा ने गिरीश भालचंद्र बापट को उम्मीदवार बनाया था। उनकी टक्कर कांग्रेस के मोहन जोशी से हुई थी, जिसमें बापट 3 लाख से अधिक वोटों से जीते थे। बापट की मृत्यु के बाद भाजपा ने इस बार पूर्व मेयर मुरलीधर मोहोल को उतारा है, वहीं कांग्रेस के रवींद्र धांगेकर मैदान में हैं। धांगेकर ने पिछले पिछले साल कसबा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को हराया था।