LOADING...
भूकंप के झटकों से हिली दिल्ली, प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से किया शांत रहने का आग्रह
दिल्ली में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं

भूकंप के झटकों से हिली दिल्ली, प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से किया शांत रहने का आग्रह

Feb 17, 2025
08:09 am

क्या है खबर?

नई दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज सुबह (17 फरवरी) भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र धौला कुआं के पास था। तेज झटकों के कारण दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

केंद्र 

कहां रहा है भूकंप का केंद्र?

अधिकारियों ने पुष्टि की कि भूकंप सुबह 5:36 बजे आया, जिसका केंद्र धौला कुआं में दुर्गाबाई देशमुख कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन के पास 5 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। यह 28.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.16 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। गहराई कम होने और केंद्र दिल्ली में होने के कारण इसका असर दिल्ली NCR में ज्यादा महसूस किया गया। झटके इतने तेज थे कि इमारतें हिलने लगीं और लोग अपने घरों से बाहर निकल गए।

असर 

इन इलाकों में दिखा असर 

अधिकारियों ने नोट किया कि झटके के साथ एक तेज आवाज भी आई थी। भूकंप के कारण दिल्ली NCR के अलावा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सहारनपुर, अलवर, मथुरा और आगरा तक तेज झटके महसूस हुए। दूसरी तरफ हरियाणा के कुरुक्षेत्र, हिसार, कैथल तक भी असर देखा गया है। धौला कुआं क्षेत्र हर 2 से 3 साल में छोटी भूकंपीय गतिविधि का अनुभव करता है। इससे पहले 2015 में 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

आग्रह 

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से किया आग्रह

भूकंप को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट किया है। इसमें कहा है, "दिल्ली और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने, संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।" सोशल मीडिया पर वीडियो भी सामने आ रहे हैं, जिनमें घरों के पंखे और अन्य सामान हिलता हुआ नजर आ रहा है।

ट्विटर पोस्ट

प्रधानमंत्री ने किया यह पोस्ट 

ट्विटर पोस्ट

सोशल मीडिया पर सामने आए भूकंप से जुड़े वीडियो