Page Loader
अंडमान सागर में एक दिन में आए लगातार 3 भूकंप, जानिए कितनी रही तीव्रता
अंडमान सागर में एक दिन में आए लगातार 3 भूकंप

अंडमान सागर में एक दिन में आए लगातार 3 भूकंप, जानिए कितनी रही तीव्रता

लेखन गजेंद्र
Jun 30, 2025
03:05 pm

क्या है खबर?

अंडमान सागर में सोमवार को एक ही दिन में लगातार 3 भूकंप आए हैं, जिसने वैज्ञानिकों के लिए चिंता पैदा कर दी है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पहला भूकंप सोमवार को सुबह 10:06 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 मापी गई थी। इसके बाद दूसरा भूकंप 11:22 बजे 4.6 तीव्रता का दर्ज किया गया। तीसरा भूकंप दोपहर 12:06 बजे आया है, जिसकी तीव्रता भी 4.7 दर्ज की गई है। यह 10 किलोमीटर गहराई में था।

भूकंप

जोखिम क्षेत्र में आता है अंडमान और निकोबार द्वीप समूह

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह भूकंप के क्षेत्र में सबसे जोखिम वाले जोन 5 के अंतर्गत आता है। अल्पाइन-हिमालयी भूकंपीय पट्टी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तक फैली है। यह भूकंप के मामले में सक्रिय मानी जाती है। अंडमान में भूकंप 10 किलोमीटर गहराई में आया है, जिसे वैज्ञानिक खतरनाक बता रहे हैं क्योंकि गहरे भूकंप की तुलना में उथले भूकंप ज्यादा खतरनाक है। उथले भूकंप 0-70, मध्यम भूकंप 70-300 और गहरे भूकंप 300 - 700 किमी गहरे होते हैं।

खतरा

नेपाल और अफगानिस्तान में भी आया भूकंप

सोमवार को अंडमान सागर में भूकंप आने से पहले नेपाल और अफगानिस्तान में भी धरती हिली है, जो भारत के आस पड़ोस के देश हैं। अफगानिस्तान में सुबह 8:02 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप आया है, जो 10 किलोमीटर गहराई में था। नेपाल में 8:24 बजे 3.9 तीव्रता का भूकंप आया है, जो 14 किलोमीटर गहराई में था। यह भूकंप उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से 155 किलोमीटर और जोशीमठ से 258 दूर था।