छठ पर दिल्ली से पटना के बीच चलेगी वंदे भारत स्पेशल ट्रेन, जानिए क्या है खासियत
क्या है खबर?
दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों को दिवाली और छठ पर घर जाने के लिए स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन 16 अक्टूबर से दिल्ली से पटना के बीच चलेगी। भारतीय रेलवे त्योहारों के मौसम में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाने जा रही है। इसका संचालन उत्तरी रेलवे जोन करेगा। रेलवे के अधिकारी ने बताया कि भीड़ देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है।
सेवा
कब से शुरू होगी ट्रेन
नई दिल्ली-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 02252-02251 ट्रेन 998 किलोमीटर की दूरी लगभग 13 घंटे में तय करेगी।
इसमें 2 प्रकार की सीटें होंगी, जिसमें एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार शामिल है। ट्रेन में 16 कोच होंगे। ट्रेन की वाणिज्यिक सेवा 16 और 18 अक्टूबर से शुरू होगी।
इसके बाद 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। ट्रेन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर, 2026 तक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी।
यात्रा
किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
नई दिल्ली और पटना के बीच वंदे भारत महोत्सव स्पेशल ट्रेन 6 स्टेशनों अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में रुकेगी।
ट्रेन नई दिल्ली स्टेशन से सुबह 8:35 बजे प्रस्थान करेगी और पटना जंक्शन पर रात 9:30 बजे पहुंचेगी।
वापसी में पटना से ट्रेन सुबह 10:00 बजे प्रस्थान करेगी और रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन स्टेशन पर कितने समय तक रुकेगी, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
बुकिंग
जल्द शुरू होगी टिकट बुकिंग
अभी विशेष ट्रेन की टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई है। जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा। यात्री ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट बुक कर सकेंगे।
ऑनलाइन बुकिंग के लिए यात्री IRCTC की वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं, जबकि ऑफलाइन बुकिंग रेलवे स्टेशनों पर यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों पर उपलब्ध होगी।
बता दें कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के लिए रेलवे ने 8,000 से अधिक विशेष ट्रेनों के फेरे चलाने की घोषणा की है।