Loading...
क्या पिस्तौल की खराबी से बची टाइगर श्रॉफ की जान? जानिए अब तक क्या-क्या सामने आया
टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले के मामले में कई अहम जानकारियां सामने आई है

क्या पिस्तौल की खराबी से बची टाइगर श्रॉफ की जान? जानिए अब तक क्या-क्या सामने आया

Oct 19, 2026
07:40 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार (18 अक्टूबर) को मुंबई के जुहू इलाके में हुए जानलेवा हमले में लगातार बेहद चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। मुंबई पुलिस और अपराध शाखा के सूत्रों के अनुसार, जांच में यह बात सामने आ रही है कि हमलावरों के हथियार (पिस्तौल) में आई तकनीकी खराबी के कारण ही टाइगर की जान बच सकी, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी। आइए मामले में अब तक सामने आई जानकारी पर नजर डालते हैं।

बरामदगी

पुलिस ने मौके से बरामद किए 2 जिंदा कारतूस

शुरुआती जानकारी के अनुसार, जांचकर्ताओं ने हमले के दौरान चलाई गई 7 गोलियों में से 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

कारतूस 7.62 मिलीमीटर कैलिबर के हैं और 5 खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं।

पुलिस को संदेह है कि हमलावरों में से किसी एक की पिस्तौल में खराबी के कारण एक भरा हुआ कारतूस बाहर निकल गया होगा।

जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस्तेमाल किए गए हथियारों में से एक तुर्की निर्मित जिगाना पिस्तौल थी।

फुटेज

फुटेज में पिस्तौल चलाने में संघर्ष करता दिखा हमलावर

घटना की CCTV फुटेज में हमलावरों में से एक टाइगर की कार पर कई राउंड गोलियां चलाते नजर आता है, जबकि दूसरे दरवाजे पर खड़ा दूसरा हमलावर अपनी बंदूक चलाने के लिए संघर्ष करता हुआ दिखाई दे रहा है।

उसे बंदूक को अपने हाथों में बदलते और उसे चलाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है, लेकिन फुटेज में उसकी बंदूक से कोई गोली चलती हुई नहीं दिखाई देती।

यह स्थिति पिस्तौल में खराबी की ओर इशारा करती है।

ADVERTISEMENT

हमला

टाइगर पर हमला और जिम्मेदारी

रविवार को मुंबई के जुहू में 3 मोटरसाइकिल सवारों ने टाइगर की BMW कार पर अंधाधुंध फायरिंग की थी।

हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनका चालक और एक ऑटो चालक घायल हो गया।

इसके बाद गैंगस्टर पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैं अनिल पंडित हूं, लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई। आज मुंबई में टाइगर श्रॉफ के साथ जो कुछ भी हुआ, उसकी जिम्मेदारी मैं और मेरे बड़े भाई हरमन संधू लेते हैं।'

ADVERTISEMENT

जानकारी

क्या है इस हमले का कारण?

गैंगस्टर पंडित ने पोस्ट में लिखा था, 'मने उसे (टाइगर श्रॉफ) पहले भी समझाया था, लेकिन वह नहीं समझा।' दरअसल, गिरोह ने टाइगर को लॉरेंस गिरोह की हिट लिस्ट में शामिल अभिनेता सलमान खान के साथ काम करने से इनकार किया था।

गैंगस्टर

कौन है गैंगस्टर अनिल पंडित?

NDTV के अनुसार, 32 वर्षीय पंडित मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिला निवासी है।

वह 2023 में भारत छोड़कर कनाडा गया था। उसके बाद लॉरेंस से जुड़े गैंगस्टर रणदीप मलिक के संपर्क में आकर अवैध रूप से अमेरिका चला गया।

वह अब लॉरेंस गिरोह के साथ कैलिफोर्निया से अपना गिरोह संचालित करता है।

पंडित का नाम जून 2026 में दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में 24HS फिटनेस जिम के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के बाद आया था।

कार्रवाई

मामले में पुलिस ने अब तक क्या की कार्रवाई?

इस मामले में मुंबई पुलिस की सूचना पर राजस्थान पुलिस ने तीनों हमलावरों को सोमवार सुबह कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों में बिहार के बेगुसराय निवासी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन फाइटर (22), हरियाणा के सोनिपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का (18) के रूप में हुई है।

शुरुआत में तीसरे आरोपी फूलसिंह को नाबालिग बताया जा रहा था, लेकिन अब पुलिस ने उसके भी बालिग होने की पुष्टि कर दी है।

फरार

हमले के बाद मुंबई से कैसे निकले आरोपी?

मुंबई अपराध शाखा के उपायुक्त (DCP) राजतिलक रोशन ने बताया कि हमले के बाद आरोपियों ने अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी, फिर लोकल ट्रेन से बोरीवली गए और वहां से टैक्सी लेकर सूरत पहुंचे।

उन्होंने बताया कि सूरत से वे जयपुर एक्सप्रेस से कोटा के लिए रवाना हो गए।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में 2 हथियारों का इस्तेमाल किया गया था और अब उनकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

बाइक

आरोपियों ने 11 सितंबर को खरीदी थी मोटरसाइकिल

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल आरोपी रितिक ने 11 सितंबर को खरीदी थी, जो रैपिडो मोटरसाइकिल चलाता है।

साल 2022 से अब तक इस मोटरसाइकिल के 4 मालिक बदल चुके थे, लेकिन इन हस्तांतरणों का पंजीकरण नहीं कराया गया।

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के दौरान फूल सिंह की बंदूक में खराबी आ गई थी, जबकि फुटेज में रेहान टोपी पहने हुए दिख रहा है। दोनों ने सोची समझी साजिश के तहत हमला किया था।

मुलाकात

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने की टाइगर से मुलाकात

हमले के बाद सुबह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद टाइगर से मिलने उनके आवास पहुंचे।

बैठक के बाद शिंदे ने कहा, "टाइगर श्रॉफ के दाहिने हाथ पर चोटें आई हैं। गोलियां बेहद करीब से चलाई गई थीं, जिससे उन्हें बारूद से जलने के जख्म हुए हैं। मैं मुंबई और महाराष्ट्र की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम राज्य में गैंगवार को जिंदा नहीं रहने देंगे। इन अपराधियों को पाताल से भी ढूंढकर सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।"

कदम

मुंबई पुलिस की जांच का अगला कदम

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को मुंबई अपराध शाख की टीम कोटा से ट्रांजिट रिमांड लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गई है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि मुंबई में उन्हें हथियार और ठिकाना किसने मुहैया कराया था।

चूंकि पंडित अमेरिका (कैलिफोर्निया) से इस गिरोह का संचालन कर रहा है, इसलिए मुंबई पुलिस केंद्रीय जांच एजेंसियों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आवश्यक जानकारियां साझा कर रही है।

ADVERTISEMENT