Page Loader
दिल्ली में घने कोहरे के कारण 120 उड़ानें प्रभावित, तापमान 4 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली में कोहरे के कारण 120 उड़ानें प्रभावित (तस्वीर: अनस्प्लैश)

दिल्ली में घने कोहरे के कारण 120 उड़ानें प्रभावित, तापमान 4 डिग्री सेल्सियस

लेखन गजेंद्र
Jan 17, 2024
11:16 am

क्या है खबर?

दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित है। दिल्ली में करीब 120 उड़ानें और कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार सुबह काफी ठंड रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 17 डिग्री के आसपास है।

IMD ने बुधवार और गुरुवार को दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में बहुत घने कोहरे और शीतलहर की आशंका जताई है, जिसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है।

मौसम

मंगलवार को 17 उड़ानें रद्द की गईं

कोहरे के कारण मंगलवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से प्रस्थान करने वाली लगभग 30 उड़ानों में देरी हुई और 17 उड़ानों को रद्द कर दिया गया।

दिल्ली आने वाली और अन्य रूटों पर चल रहीं करीब 20 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे लेट हैं। मौसम के कारण कुछ ट्रेनें रद्द की गई हैं।

IMD के मुताबिक, सुबह और शाम को कोहरे की अधिकता बनी रहेगी, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी।

ठंड

पंजाब और हरियाणा में रेड अलर्ट

IMD ने पंजाब और हरियाणा में कोहरे और ठंड को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार के लिए दोनों राज्यों में ऑरेंज अलर्ट है।

पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में कई जगह तापमान 3 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में भी गलन और शीतलहर से लोग परेशान हैं।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होगी। निचले स्थानों पर छिटपुट बारिश और बर्फबारी की संभावना है।