Page Loader
दिल्ली में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, तापमान 10 डिग्री से नीचे आया; बारिश की संभावना
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा (प्रतीकात्मक तस्वीर: अनस्प्लैश)

दिल्ली में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, तापमान 10 डिग्री से नीचे आया; बारिश की संभावना

लेखन गजेंद्र
Nov 24, 2023
12:03 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में प्रदूषण के बीच ठंड ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान पहली बार 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया और ये 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार ठंड की शुरुआत दिल्ली में जल्दी हुई है, इसलिए तापमान में अधिक गिरावट होने की संभावना है। IMD ने संभावना जताई कि आने वाले दिनों में बारिश भी हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

मौसम

कोहरा भी बढ़ने की संभावना

दिल्ली में आने वाले दिनों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना भी जताई गई है। शुक्रवार को भी सुबह थोड़ा बहुत कोहरा रहा, हालांकि, इससे दृश्यता प्रभावित नहीं हुई। IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले हफ्ते सोमवार 27 नवंबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बौछारों के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम खुल जाएगा, लेकिन कोहरे का असर दिखेगा। तापमान में और गिरावट हो सकती है।

प्रदूषण

दिल्ली में प्रदूषण का क्या है हाल?

दिल्ली में शुक्रवार सुबह 7ः30 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 388 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। इससे पहले बुधवार को AQI 394, मंगलवार को 365, सोमवार शाम 4 बजे 348 और रविवार को 301 दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड और कोहरे के चलते दिल्ली में धुंध और प्रदूषण की मोटी चादर देखने को मिल रही है। शनिवार को AQI घटने पर कुछ पाबंदियों में ढील दी गई थी।