दिल्ली: कनॉट प्लेस में CJP प्रदर्शन के दौरान पथराव, 2 पुलिसकर्मी घायल; हिरासत में 50 प्रदर्शनकारी
क्या है खबर?
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान मध्य दिल्ली में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। जंतर मंतर इलाके में भारी सुरक्षा के बीच कनॉट प्लेस में PTI बिल्डिंग के पास प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पथराव में शामिल सभी 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
हमला
कैसे हुआ पुलिस पर पथराव?
राजधानी में बढ़ते तनाव और सुरक्षा कारणों का हवाला देकर पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और पूरे नई दिल्ली जिले में धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू थी।
इसके बावजूद प्रदर्शनकारी प्रतिबंधों को तोड़कर कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल और PTI बिल्डिंग के पास एकत्र हो गए।
पुलिस ने जब उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया तो उग्र प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया, जिसमें 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
कार्रवाई
पुलिस ने 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
पथराव के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए घेराबंदी की और सभी 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने हवाई अड्डे से लेकर दिल्ली की सीमाओं तक किलेबंदी कर रखी है। दिल्ली पुलिस, RAF और CRPF के 25,000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही विमान के भीतर से हिरासत में ले लिया गया। इससे प्रदर्शनकारियों में खासी नाराजगी है।