Page Loader
दिल्ली में बारिश से गिरा न्यूनतम तापमान, 14 साल में सबसे कम दर्ज
दिल्ली में 14 साल में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज

दिल्ली में बारिश से गिरा न्यूनतम तापमान, 14 साल में सबसे कम दर्ज

लेखन गजेंद्र
Sep 20, 2024
09:57 am

क्या है खबर?

दिल्ली में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से न्यूनतम तापमान इतना गिर गया कि लोगों को सुबह-सुबह हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों की मानें तो गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 14 सालों में सितंबर का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 13 सितंबर को न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो 14 साल में सबसे कम था।

तापमान

14 सालों में पहली बार आया ऐसा मौका

IMD के मुताबिक, पिछले 14 सालों में कभी भी न्यूनतम तापमान लुढ़कर 21 डिग्री के करीब नहीं पहुंचा है। इससे पहले 2022 में सितंबर में न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश की वजह से तापमान में गिरावट जारी है, जिसकी वजह से सर्दी जल्दी आने की संभावना है। इससे पहले वैज्ञानिकों ने ला नीना के प्रभाव से इस साल भारत में अत्यधिक ठंड की संभावना जताई है।

बारिश

दिल्ली में कितनी हुई बारिश?

दिल्ली से मानसून जाने की तैयारी में है, लेकिन इस बीच रुक-रुककर हो रही बारिश से लोग खुश हैं। हालांकि, इससे होने वाली परेशानियां उनके मजे में खलल डाल रही है। IMD के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में इस सीजन में अब तक 1,029.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 67 प्रतिशत अधिक है। यहां अगले 6 दिन तक बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। इस बीच अधिकतम तापमान में भी कमी आएगी।