दिल्ली के रामलीला मैदान में रावण के साथ कॉकरोच का भी जलाया जाएगा पुतला
क्या है खबर?
देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को इस साल दिल्ली की रामलीला समिति ने निशाने पर लिया है। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, दिल्ली के पीतमपुरा स्थित रामलीला मैदान में दहशरे के दिन रावण, कुंभकरण और मेघनाद के साथ एक 30 फुट ऊंचे कॉकरोच का भी पुतला जलाया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह कीड़ा गंदगी और मैल का प्रतीक है।
पुतला
राजनीतिक नहीं सफाई के कारणों से लिया निर्णय- भाजपा विधायक
पीतमपुरा में वार्षिक आयोजन करने वाली श्री केशव रामलीला समिति ने कहा कि यह पहल 'स्वच्छ भारत, स्वच्छ दिल्ली' अभियानों के तहत स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
समिति के अध्यक्ष और भाजपा विधायक अशोक गोयल ने बताया कि यह निर्णय राजनीतिक कारणों से नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पुतला जलाने का उद्देश्य बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देना और स्वच्छता के महत्व को उजागर करना है।
आयोजन
रावण की सेना में भी होगा कॉकरोच
रिपोर्ट के मुताबिक, रामलीला समिति जो नाटक का मंचन करा रही है, उसमें रावण की सेना के रूप में असुर के साथ कॉकरोच को भी दिखाया जाएगा।
समिति ने यह फैसला तब लिया है, जब CJP और विपक्षी सांसद ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी 13 करोड़ लोगों के वोट काटे जाने के खिलाफ हैं।
बता दें कि इससे पहले CJP ने पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करके धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया था।