Page Loader
दिल्ली में कांवड़ यात्रा से लोग परेशान, पुलिस को लाउडस्पीकर-यातायात की 200 से अधिक शिकायतें मिलीं
दिल्ली में कांवड़ यात्रा से परेशान लोग कर रहे पुलिस को फोन

दिल्ली में कांवड़ यात्रा से लोग परेशान, पुलिस को लाउडस्पीकर-यातायात की 200 से अधिक शिकायतें मिलीं

लेखन गजेंद्र
Jul 22, 2025
03:13 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में कांवड़ यात्रा ने लोगों को परेशान कर दिया है। कई जिलों से पुलिस को लाउडस्पीकर और यातायात उल्लंघन से जुड़ी 200 से अधिक शिकायतें मिली हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार से ही शोर और यातायात से संबंधित शिकायतें लगातार आ रही थीं, जो सप्ताहांत में और बढ़ गई। सबसे अधिक शिकायतें दक्षिण, दक्षिण-पूर्व, पूर्व और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली से आई हैं। कुछ इलाकों से तो रोजाना लगभग 10 शिकायतें आ रही हैं।

समस्या

इन जिलों में सबसे अधिक समस्या

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पूर्वी जिले को शुक्रवार से रविवार के बीच हर दिन शोर से संबंधित 5 शिकायतें मिलीं हैं, इनमें अधिकतर पांडव नगर, मयूर विहार और लक्ष्मी नगर समेत अन्य इलाकों से थीं। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की अध्यक्ष चित्रा जैन ने बताया कि लगातार शोर असहनीय था। ग्रेटर कैलाश-2 में RWAअध्यक्ष संजय राणा ने देर रात तेज संगीत को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि कई कांवड़ यात्री अंदर तक आ जाते हैं।

व्यवस्था

पुलिस ने कानून व्यवस्था के लिए इंतजाम किया

पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि लोगों की शिकायतों में शोर और यातायात से जुड़ी समस्या ही थी। उन्होंने झगड़ा और मारपीट की कोई शिकायत नहीं की है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों में प्रत्येक शिफ्ट में लगभग 200 अधिकारी तैनात हैं और 21 कांवड़ शिविरों पर 24 घंटे निगरानी है। दक्षिण पूर्व जिले में 650 पुलिसकर्मी 3 पालियों में 23 जुलाई तक 24 घंटे गश्त करेंगे। वे कांवड़ शिविरों और सुरक्षा का प्रबंध करेंगे।

इंतजाम

23 जुलाई तक दिल्ली की कई सड़कें बंद

सावन आते ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कांवड़ यात्री दिल्ली होते हुए गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार जाते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में 30 दिनों तक कई सड़कों को बंद किया गया है। दिल्ली यातायात पुलिस ने एक्स पर एक यातायात दिशानिर्देश भी साझा किया है, जिसमें 21 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रभावित मार्गों की जानकारी दी है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और मुजरफ्फरनगर में 23 जुलाई तक स्कूलों को बंद किया गया है।

जानकारी

काफी तेज आवाज में लाउडस्पीकर लेकर चल रहे कांवड़ यात्री

दिल्ली ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश में वाराणसी और छोटी काशी कहे जाने वाले गोला गोकर्णनाथ जाने वाले कांवड़िये भी काफी तेज आवाज में लाउडस्पीकर लेकर चल रहे हैं। शहर के बीच से गुजरते समय भी इनके लाउडस्पीकर चलते रहते हैं, जिससे समस्या होती है।

ट्विटर पोस्ट

सोशल मीडिया पर साझा की शिकायत