आरक्षण हटाओ आंदोलन के लिए दिल्ली पुलिस की मंजूरी, रामलीला मैदान में 500 लोग जुट सकेंगे
क्या है खबर?
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' के तहत शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के लिए मंजूरी दे दी है। यह प्रदर्शन शाम तक आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि विरोध-प्रदर्शन रामलीला मैदान में होगा और इसमें सिर्फ 500 लोगों के शामिल होने की अनुमति है। पुलिस ने सभी दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है। मंजूरी का पत्र दिल्ली पुलिस ने एक्स पर साझा किया है।
मंजूरी
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पत्र साझा करते हुए लिखा, 'सार्वजनिक सूचना- 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' के पदाधिकारियों को इस आधिकारिक सूचना के माध्यम से सूचित किया गया है। सभी से अनुरोध है कि वे कानूनी निर्देशों का पालन करें और शांति बनाए रखें।'
पुलिस ने कहा कि कानून और व्यवस्था के दृष्टिकोण से विरोध-प्रदर्शन पर उसे कोई आपत्ति नहीं है, बशर्तें दिशा-निर्देश का पालन किया जाए।
पुलिस ने किसी तरह के जुलूस और लोगों के ठहरने पर पाबंदी लगाई है।
आंदोलन
जंतर-मंतर पर नहीं दी अनुमति
पुलिस ने यह आदेश 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' नामक इंस्टाग्राम पेज के डिजिटल अभियान के बीच जारी किया है, जिसने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की तरह जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।
इंस्टाग्राम पर 56 लाख फॉलोअर्स वाले इस अभियान ने पहले 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शन का आह्वान किया था।
हालांकि, पुलिस ने गुरुवार को अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन, जुलूस, प्रदर्शन या सभा के लिए कोई अनुमति नहीं दी थी।