
पहलगाम हमले के बाद दिल्ली में बांग्लादेशियों के खिलाफ अभियान तेज, अप्रैल में 520 वापस भेजे
क्या है खबर?
दिल्ली में पिछले 6 महीने से अवैध प्रवासियों के खिलाफ सघन अभियान चल रहा है, जिसके तहत 770 अवैध बांग्लादेशियों को उनके देश वापस पहुंचाया गया है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, गृह मंत्रालय के अनुसार, 15 नवंबर, 2024 से 20 अप्रैल, 2025 के बीच दिल्ली पुलिस ने करीब 220 अवैध प्रवासियों और 30 तय अवधि से अधिक समय तक रहने वाले विदेशियों को पकड़ा है।
पहलगाम हमले के बाद 520 अवैध प्रवासी पकड़े गए हैं।
अभियान
पहलगाम आतंकी हमले के बाद पकड़े गए 520 लोग
रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पुलिस ने अभियान में तेजी दिखाई और राज्य में 470 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान की।
इसके अलावा 50 अन्य विदेशियों को भी पकड़ा गया, जिनकी देश में रहने की तय अवधि खत्म हो चुकी थी और वे अवैध रूप से यहां रह रहे थे।
पुलिस ने इन्हें विमान से हिंडन एयरबेस से त्रिपुरा के अगरतला पहुंचाया तथा सीमा पार कर उन्हें बांग्लादेश भेज दिया।
जांच
पहले ट्रेन और बस से, पहलगाम हमले के बाद विमान से भेजा गया
रिपोर्ट के मुताबिक, पहलगाम हमले से पहले जिन 250 अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ा गया था, उन्हें विदेशियों के क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) को सौंप दिया गया था।
इसके बाद रेल और सड़क मार्ग से पूर्वी राज्यों में ले जाया गया और सीमा पार बांग्लादेश भेज दिया गया।
पहलगाम हमले के बाद प्रवासियों को लौटाने में तेजी दिखाई गई और पिछले एक महीने में गाजियाबाद के हिंडन एयर बेस से करीब 3-4 विशेष उड़ानें सभी प्रवासियों को छोड़ने अगरतला गई हैं।
प्रवास
34,000 से अधिक लोगों की जांच हुई, मदद करने वाले भी निशाने पर
गृह मंत्रालय के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने पिछले कुछ महीने में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के संदिग्ध 34,265 लोगों की जांच की थी।
इनमें से 33,217 लोगों के दस्तावेज असली पाए गए हैं। करीब 278 लोगों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अभी चल रही है।
दिल्ली पुलिस, अपराध शाखा और विशेष प्रकोष्ठ ने एक FIR उन अज्ञात लोगों के खिलाफ भी दर्ज की है, जिन्होंने अवैध बांग्लादेशियों को यहां रहने, सुविधाएं देने, दस्तावेज बनाने और नौकरी दिलाने में मदद की है।