दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना, चेतावनी जारी
क्या है खबर?
दिल्ली में सियासी तापमान बढ़ा हुआ है, लेकिन मौसम करवट ले रहा है। सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में भारी बारिश और गरज के साथ तूफान आया, जिससे ठंडक का अहसास बढ़ गया। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और सोमवार का दिन होने से सुबह-सुबह कई प्रमुख यातायात मार्गों पर यातायात व्यवस्था चरमराती देखी गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम
15 मिलीमीटर बारिश की चेतावनी
IMD ने चेतावनी दी है कि दिल्ली में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है, जबकि 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
यह चेतावनी सोमवार सुबह 6 बजे जारी की गई है। हालांकि, दोपहर बाद मौसम साफ होने की संभावना जताई जा रही है।
भारी बारिश के कारण मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालन मंदिर के पास जलभराव हो गया।
बारिश
क्या लगातार होगी बारिश?
दिल्ली में भले ही सोमवार सुबह का मौसम अचानक बदल गया है, लेकिन यह सिर्फ कुछ घंटों की बारिश थी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 6 दिनों तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश नहीं होगी। हालांकि, अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
IMD के मुताबिक, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
ट्विटर पोस्ट
दिल्ली में तड़के हुए तेज बारिश
#WATCH दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 11, 2026
वीडियो जंतर-मंतर से है। pic.twitter.com/LO370OshsA
ट्विटर पोस्ट
महिपालपुर फ्लाईओवर पर जलभराव
दिल्ली: बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 12, 2026
वीडियो महिपालपुर फ्लाईओवर से है। pic.twitter.com/spvhybWu00
बारिश
उत्तर प्रदेश में कई जगह छिटपुट बारिश
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश हुई, जबकि जिलों में मौसम सुहावना देखा गया।
मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़ और आसपास में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
राजधानी लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज समेत पूर्वी जिलों में 12 से 14 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, 15 और 16 अक्टूबर को यहां कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम
बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में भी बारिश की संभावना है।
IMD ने बताया कि 12 अक्टूबर को बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होगी। इसके बाद 13 और 14 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहेगा। फिर, 15 से 17 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है।
राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर और बाड़मेर संभाग में 11 से 15 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर समेत कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होगी।