Page Loader
इंडिया गेट पर पिकनिक नहीं मना सकेंगे परिवार, खान-पान और बैग ले जाने पर रोक
इंडिया गेट पर पिकनिक नहीं मना सकेंगे परिवार (पिक्साबे)

इंडिया गेट पर पिकनिक नहीं मना सकेंगे परिवार, खान-पान और बैग ले जाने पर रोक

लेखन गजेंद्र
Jun 30, 2025
02:58 pm

क्या है खबर?

दिल्ली का प्रतिष्ठित इंडिया गेट परिवारों से गुलजार रहता था, लेकिन अब यहां पिकनिक मनाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। न्यूज18 के मुताबिक, इंडिया गेट पर आने वाले पर्यटकों को अब बैग, सामान, भोजन और पालतू जानवर स्मारक के बाहर छोड़ने होंगे। उन्हें वे अंदर नहीं ले जा सकते। इंडिया गेट के बाहर लॉकर रूम भी नहीं दिया गया है, जिससे कुछ पर्यटक लौट रहे हैं, जबकि कुछ को अपने सामान की सुरक्षा खुद करनी पड़ रही है।

रोक

लॉकर रूम न होने से दिक्कत

इंडिया गेट पर पहले आने वाले परिवार चादर बिछाकर पिकनिक मनाते दिखते थे। वे अपने बिल्ली और कुत्ते जैसे पालतू पशुओं को घुमाते थे। अब इसकी अनुमति नहीं दी जा रही है। लॉकर रूम न होने से जो परिवार दूर से पर्यटन स्थल को देखने आ रहे हैं, उसमें आधे सामान की रखवाली कर रहे हैं, जबकि आधे लोग अंदर घूम रहे हैं। जब अंदर वाले परिवार के सदस्य बाहर आते हैं, तब दूसरा समूह अंदर जा रहा है।

प्रतिबंध

वीडियो कैमरा पर भी प्रतिबंध लगा सकती है सरकार

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) और नई दिल्ली नगर निगम (NDMC) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इंडिया गेट में जल्द ही वीडियो फिल्मांकन समेत अन्य प्रतिबंध भी लग सकता है। इंडिया गेट के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि नई घास और स्थल को आगंतुकों द्वारा चादरें बिछाने, खाना खाने और लॉन पर अधिक समय बिताने के कारण नुकसान हुआ है। इसलिए प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि लॉकर सुविधा जल्द शुरू होगी।