
दिल्ली: पिता को सूटकेस में मिला 9 वर्षीय बेटी का शव, यौन उत्पीड़न की संभावना
क्या है खबर?
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में शनिवार को एक 9 वर्षीय लड़की का शव एक सूटकेस में बंद मिलने से सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने प्रारंभिक मेडिकल जांच के आधार पर यौन उत्पीड़न का संदेह जताया है।
इस घटना के विरोध में क्षेत्र के लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए त्वरित कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि लड़की शनिवार रात को किसी रिश्तेदार के जाने की कहकर घर से निकली थी। 2 घंटे बाद उसके न लौटने पर पिता ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान किसी ने उसे घर से 200 मीटर दूर एक फ्लैट की ओर जाते हुए देखना बताया।
पुलिस ने बताया कि पिता के फ्लैट पर पहुंचने पर वहां ताला लगा था। वह ताला तोड़कर अंद घुसे तो देखा कि उसकी बेटी एक सूटकेस में नग्न अवस्था में पड़ी थी।
मौत
अस्पताल में चिकित्सकों ने लड़की को मृत घोषित किया
पुलिस ने बताया कि अपनी बेटी को उस हालत में देखकर उसके पिता स्तब्ध रह गए और उसे तत्काल चंद्र अस्पताल में भर्ती, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक लड़की के पिता ने उसे अस्पताल पहुंचा दिया था। डॉक्टरों ने लड़की के चेहरे पर चोट के निशान पाए और यौन उत्पीड़न की संभावना जताई है।"
कार्रवाई
पुलिस ने मामले में क्या की कार्रवाई?
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस इलाके में लगे आस-पास के CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जल्द ही पुलिस आरोपी को दबोच लेगी।