LOADING...
दिल्ली: बुर्का पहनकर घर में घुसे युवक ने किशोरी को छत से धकेला, अस्पताल में मौत
दिल्ली में युवक ने किशोरी को छत से धकेलकर मारा

दिल्ली: बुर्का पहनकर घर में घुसे युवक ने किशोरी को छत से धकेला, अस्पताल में मौत

Jun 25, 2025
03:03 pm

क्या है खबर?

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर में बुर्का पहनकर घर में घुसे युवक द्वारा एक 19 वर्षीय युवती की उसके घर की 5वीं मंजिल से धक्का देकर हत्या करने के हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और उसके बाद CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

घटना

कैसे घटी यह घटना?

ज्योति नगर थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी तौफीक (26) है और मृतक युवती नेहा (19) है। पुलिस ने बताया कि आरोपी तौफीक अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर रिहायशी इमारत में घुस गया। इसके बाद उसकी पहले तो नेहा के साथ नोकझोंक हुई और उसके बाद तौफीक ने उसे 5वीं मजिल से धक्का दे दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

कार्रवाई

पुलिस ने तौफीक को कैसे किया गिरफ्तार?

थानाप्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर नेहा को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बाद में उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घर के आसपास लगे CCTV की फुटेज के आधार पर आरोपी तौफीक की पहचान की गई और बाद में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तौफीक और नेहा काफी समय से रिलेशनशिप में थे, लेकिन तौफीक के परिजनों की मर्जी से शादी करने से दोनों के बीच विवाद हो गया था।

जानकारी

नेहा के परिजनों ने खारिज की संबंधों की बात

इधर, नेहा के परिजनों का कहना है कि उसके तौफीक के साथ कोई प्रेम संबंध नहीं था। नेहा तो तौफीक को राखी बांधती थी। परिवार का दावा है कि वे तौफीक को करीब 3 साल से जानते थे और वह अक्सर उनके घर आता था।