Page Loader
वकीलों की भीड़ ने किया था DCP मोनिका पर हमला, सामने आया वीडियो

वकीलों की भीड़ ने किया था DCP मोनिका पर हमला, सामने आया वीडियो

Nov 08, 2019
03:24 pm

क्या है खबर?

दिल्ली पुलिस और वकीलों के बीच हुई हिंसा के नए-नए वीडियो सामने आ रहे हैं। अब एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वकीलों का एक समूह DCP मोनिका भारद्वाज पर हमला करता दिख रहा है। मोनिका के साथ मौजूद पुलिसकर्मी उनको किसी तरह भीड़ से बचाकर बाहर लाते हैं। इस हमले में एक SHO और कई पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे। गौरतलब है कि 2 नवंबर को तीस हजारी कोर्ट में पुलिस और वकीलों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।

मामला

मामला कहां से शुरू हुआ?

वकीलों और पुलिस के बीच हुई झड़प में 20 पुलिसकर्मी और आठ वकील घायल हुए थे। इसके अलावा पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया और दूसरे कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया था। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी बीच दिल्ली हाई कोर्ट ने दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया और दो का तबादला किया है। वहीं पुलिसकर्मियों ने न्याय की मांग के लिए पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।

वीडियो

महिला अधिकारी पर हमला कर रहे वकीलों का वीडियो आया सामने

वकीलों और पुलिस के बीच हुई झड़प का एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में मोनिका भारद्वाज हाथ जोड़े खड़ी नजर आ रही हैं और वह वकीलों से शांत होने की अपील करती दिख रही हैं, लेकिन इतनी देर में ही वकीलों का झुंड उनपर टूट पड़ता है और मारपीट शुरू कर देता है। वकीलों की भीड़ मोनिका और उनके सुरक्षाकर्मियों को धक्का मारते हुए पीछे की तरफ ले जाती दिख रही है।

जानकारी

DCP ने लगाया मारपीट का आरोप

DCP मोनिका भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि हिंसा के दौरान उनके साथ मारपीट की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि हिंसा के दौरान उनकी सर्विस रिवॉल्वर भी छीन ली गई थी, जो तब से लापता है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये वीडियो

FIR

FIR में शामिल किया जाएगा DCP का बयान

वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस वैन के पास खड़े एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच कर रही कमेटी इन वीडियो फुटेज को सबूत के तौर पर मानकर चल रही है। इस मामले में पुलिस प्रवक्ता अनिल मित्तल ने कहा है कि DCP का बयान घटना की FIR में जोड़ा जाएगा। इससे पहले भी हिंसा का एक और वीडियो सामने आया था, जिसे नीचे देखा जा सकता है।

ट्विटर पोस्ट

DCP को भीड़ से बचाकर ले जाते सुरक्षाकर्मी

जानकारी

महिला आयोग ने घटना की निंदा की

मोनिका के साथ हुई इस बदसलूकी की राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने निंदा की है और कहा है कि वह इसका स्वत: संज्ञान लेंगी। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में बार काउंसिल को पत्र भी लिखेंगी।

बयान

......तो हिंसा टल सकती थी- सागर शर्मा

शनिवार को 26 वर्षीय वकील सागर शर्मा की कार से पुलिस वैन की टक्कर हो गई थी। इसके बाद बढ़े विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया था। मामले के बारे में बताते हुए शर्मा ने कहा कि वो एक बुरी घटना था। उन्होंने कहा कि अगर स्थिति को सही से संभाला जाता तो हिंसा से बचा जा सकता था। उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना के बाद उनकी छवि खराब करने के लिए भ्रामक जानकारी फैला रही है।