Page Loader
कोरोना वायरस: देश में पिछले 24 घंटे में मिले रिकॉर्ड 57,118 नए मरीज, 764 की मौत

कोरोना वायरस: देश में पिछले 24 घंटे में मिले रिकॉर्ड 57,118 नए मरीज, 764 की मौत

Aug 01, 2020
09:49 am

क्या है खबर?

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख के नजदीक पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक कोरोना वायरस के कुल 16,95,988 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 5,65,103 से सक्रिय मामले हैं, 10,94,374 लोग महामारी को हराकर ठीक हो चुके हैं और 36,511 लोगों की इसके कारण मौत हुई है। बीते 24 घंटे में देशभर में रिकॉर्ड 57,118 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 764 लोगों ने दम तोड़ा।

कोरोना वायरस

देश में रिकवरी रेट 64.53 प्रतिशत

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 36,579 मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 10,94,375 हो गई है, जो कुल मामलों की 64.53 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में रिकॉर्ड 5,25,689 टेस्ट किए गए गए। इससे पहले कल 6,42,588 कोरोना वायरस टेस्ट किए गए थे। देशभर में अब तक लगभग 1.94 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

तीसरा सबसे प्रभावित राज्य बना आंध्र प्रदेश

महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद दिल्ली को पछाड़ते हुए आंध्र प्रदेश कोरोना से देश का तीसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य बन गया है। पिछले तीन दिनों में यहां 30,000 से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या 1,40,933 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 1,349 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को यहां 10,376 नए मरीज मिले और 60 मरीजों की मौत हुई।

कोरोना वायरस

शुक्रवार को दुनियाभर में मिले लगभग तीन लाख नए मरीज

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने बताया कि शुक्रवार को दुनियाभर में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 2,92,527 नए मामले सामने आए। यह अब तक एक दिन में मिले सर्वाधिक नए मरीज है। इससे पहले 24 जुलाई को 2,84,196 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा शुक्रवार को दुनियाभर में 6,812 लोगों की इस खतरनाक वायरस के कारण मौत हुई। शुक्रवार को जिन देशों में सर्वाधिक नए मरीज मिले, उनमें अमेरिका, भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।

जानकारी

वियतनाम में कोरोना से पहली मौत

वियतनाम में शुक्रवार को कोरोना वायरस के कारण पहली मौत हुई। शुक्रवार को यहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के साथ ही कोरोना से जीरो मौत का रिकॉर्ड टूट गया। इसके कुछ ही घंटे बाद एक और मौत हुई।

कोरोना वायरस

दुनियाभर में 1.75 करोड़ लोग संक्रमित

पूरी दुनिया की बात करें तो अब तक 1.75 करोड़ लोग इस खतरनाक वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 6.78 लाख मरीजों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका में 45.60 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.53 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 26.62 लाख संक्रमितों में से 92,475 की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में पांचवें स्थान पर है।