Page Loader
गोवा में सनबर्न उत्सव को लेकर क्या विवाद है, जिसमें कांग्रेस-AAP ने की कार्रवाई की मांग?
सनबर्न उत्सव के आयोजकों पर भगवान शिव का अपमान करने का आरोप लगा है

गोवा में सनबर्न उत्सव को लेकर क्या विवाद है, जिसमें कांग्रेस-AAP ने की कार्रवाई की मांग?

लेखन नवीन
Dec 31, 2023
04:15 pm

क्या है खबर?

गोवा में आयोजित सनबर्न EDM उत्सव को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस उत्सव के आयोजकों पर भगवान शिव का अपमान करने का आरोप लगाया है। मामले में कांग्रेस ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर AAP ने उत्सव को लेकर गोवा की भाजपा सरकार की आलोचना की है। आइए जानते हैं कि उत्सव को लेकर यह पूरा विवाद क्या है।

उत्सव

कब और कहां हुआ था उत्सव? 

सनबर्न भारत में आयोजित होने वाला एक व्यवसायिक इलेक्ट्रॉनिक नृत्य संगीत उत्सव है। इस बार 28 दिसंबर से 30 दिसंबर को उत्तरी गोवा के वाटागोर में इसका आयोजन हुआ था। इसकी शुरुआत परसेप्ट लिमिटेड कंपनी के मालिक शैलेंद्र सिंह ने की थी। 2007 से 2015 तक दिसंबर में यह उत्सव गोवा के वाटागोर में आयोजित हुआ था। यह उत्सव बीच में 3 साल महाराष्ट्र में आयोजित होने के बाद 2019 से फिर लगातार गोवा में आयोजित हो रहा है।

विवाद

क्या है उत्सव से जुड़ा विवाद? 

कांग्रेस और AAP नेताओं का दावा है कि सनबर्न उत्सव में लोग शराब पीकर तेज संगीत में नाच रहे थे और कार्यक्रम में भगवान शिव की तस्वीर का अपमानजनक इस्तेमाल किया था। उनका आरोप है कि आयोजकों को इस बर्ताव से उनकी भावनाओं और सनातन धर्म को ठेस पहुंची हैं। मामले में गोवा सरकार और पुलिस से आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है।

AAP

AAP नेता की मुख्यमंत्री से क्या है मांग? 

AAP गोवा के अध्यक्ष अमित पालेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को टैग किया है। उन्होंने लिखा, 'उत्सव में लोग शराब पी रहे हैं और तेज संगीत पर नाच रहे हैं और अपमानजनक तरीके से इस्तेमाल की गई मेरे भगवान शिव की तस्वीरें मेरे सनातन धर्म को चोट पहुंचाती हैं। मुख्यमंत्री सावंत को भगवान का अपमान करने वालों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करनी चाहिए। पुलिस महानिदेशक इसका संज्ञान लें।'

बयान

AAP नेता ने और क्या कहा? 

AAP नेता पालेकर ने कहा कि उत्सव में सनातन धर्म की अखंडता खतरे में पड़ गई, इसलिए उन्होंने गोवा की भाजपा सरकार से उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, "उत्सव के लिए जहां शराब परोसी जाती है, हमारे भगवान शिव की तस्वीर का उपयोग करना अनुचित है। मैंने पुलिस महानिदेशक को फोन किया था और मांग की कि सनबर्न उत्सव के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। यह एक संज्ञेय अपराध है।"

कांग्रेस

कांग्रेस ने पुलिस शिकायत में क्या कहा? 

इस बीच गोवा की कांग्रेस इकाई के नेता विजय भिके ने सनबर्न उत्सव के आयोजकों के खिलाफ मापुसा में पुलिस शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत ने कहा, "आयोजकों ने जानबूझकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। वह दिखाना चाहते हैं कि भगवान शिव शराब पीने, निषिद्ध पदार्थों के उपयोग और कार्यक्रम में होने वाली किसी भी अन्य अवैध गतिविधि को स्वीकार करते हैं। आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"

जानकारी

गोवा पुलिस ने मामले में क्या कहा?

गोवा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि उन्हें मामले में कांग्रेस नेता की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है और वह छानबीन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

2022 में सनबर्न उत्सव पर नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे थे। आयोजकों ने संगीत समारोह में ध्वनि प्रदूषण के स्तर भी पार कर लिया गया था। मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट की गोवा बेंच ने अपना फैसला सुनाते हुए राज्य सरकार को फटकार लगाई थी। इस साल उत्तरी गोवा के जिला कलेक्टर द्वारा हाई कोर्ट में उत्सव के आयोजन को लेकर एक कार्ययोजना पेश की थी, लेकिन इतनी तैयारियों के बावजूद उत्सव में मानकों का जमकर उल्लंघन हुआ।