Page Loader
दिल्ली समेत उत्तर भारत में 5 जनवरी तक शीतलहर, कोहरा भी छाया रहेगा
दिल्ली समेत उत्तर भारत में 5 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप

दिल्ली समेत उत्तर भारत में 5 जनवरी तक शीतलहर, कोहरा भी छाया रहेगा

लेखन गजेंद्र
Jan 03, 2024
10:24 am

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में 5 जनवरी तक शीतलहर जारी रहने का अनुमान लगाया है और इससे तापमान और गिर सकता है। बुधवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोहरे की वजह से दृश्यता 500 मीटर रही। IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिन दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के कई इलाकों में कोहरे का असर दिखाई देगा और गलन भरी हवाओं से ठंड बढ़ेगी।

ठंड

उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को सुबह से ही कोहरे की धुंध है। हालांकि, दोपहर बाद धूप निकल रही है, लेकिन उसका असर नहीं है। शाम होने पर ठंड बढ़ रही है। प्रदेश के 30 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव नहीं होगा। मंगलवार को बरेली में कोहरे की वजह से दृश्यता 25 मीटर और वाराणसी में 50 मीटर दर्ज की गई।

मौसम

पहाड़ों पर 31 जनवरी तक रहेगी भीषण ठंड, सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान

पहाड़ों पर भी तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। यहां 31 जनवरी तक भीषण ठंड पड़ेगी। पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाके भी प्रभावित हैं। NDTV के मुताबिक, मौसम विज्ञान के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि जनवरी से मार्च तक सर्दी के दौरान बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत, उत्तर पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिक बारिश हो सकती है।