राजस्थान: भरतपुर में अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर हिंसा और आगजनी, पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी
राजस्थान के भरतपुर में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर दो जातियां आपस में टकरा गईं, जिसने बाद में हिंसा का रूप ले लिया। इलाके में हजारों उपद्रवियों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और कई जगह आग लगाई। उन्होंने पुलिस पर पत्थर फेंके। घटना नदबई विधानसभा के बेलारा गांव में हुई। प्रदर्शनकारियों ने भरतपुर-नदबई राजमार्ग को जाम कर दिया। पुलिस को हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
क्या है मामला?
नदबई से कांग्रेस विधायक जोगेंद्र सिंह अवाना ने यहां चौराहे पर अंबेडकर की प्रतिमा लगाने की घोषणा की थी, जिसके बाद जाट समाज भड़क गया। उसने यहां भरतपुर संस्थापक महाराजा सूरजमल की प्रतिमा लगाने की मांग की। पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह और अवाना ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। मंत्री ने बताया था कि इलाके में अबंडेकर, भगवान परशुराम और सूरजमल की प्रतिमा लगाई जाएंगी। इसका आदेश भी जारी हो गया, लेकिन उसके बाद हिंसा भड़क उठी।