Page Loader
लोकसभा चुनाव: कैराना में हिंसक भीड़ को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने किए हवाई फायर

लोकसभा चुनाव: कैराना में हिंसक भीड़ को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने किए हवाई फायर

Apr 11, 2019
04:01 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को देशभर के 20 राज्यों में वोटिंग जारी है। इस दौरान कई जगहों से हिंसा की खबरें भी सामने आ रही हैं। आंध्र प्रदेश के तड़ीपात्री में तेलुगू देशम पार्टी और YSR कांग्रेस के समर्थकों में हुई झड़प में दो लोग मारे गए। वहीं उत्तर प्रदेश के कैराना में पोलिंग बूथ पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को आत्मरक्षा में हवा में फायरिंग करनी पड़ी।

आंध्र प्रदेश

आंध्र प्रदेश में हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तड़ीपात्री में TDP और YSR कांग्रेस के समर्थकों में हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दो लोग मारे गए। इसके अलावा गूंटूर जिले से भी हिंसा की खबरें आ रही हैं। यहां पर विधानसभा स्पीकर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। स्पीकर ने आरोप लगाया कि उन पर हमला करने वाले लोग YSR कांग्रेस के कार्यकर्ता थे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्पीकर TDP के लिए वोट मांग रहे थे।

उत्तर प्रदेश

कैराना में BSF जवानों ने किए हवाई फायर

कैराना लोकसभा क्षेत्र के रसूलपुर जुगरान गांव में सुरक्षा के लिए तैनात किए गए BSF जवानों को आत्मरक्षा में हवाई फायर करने पड़े। सुरक्षाबलों ने बिना पहचान-पत्र वोट डाल रहे लोगों को रोकने की कोशिश की। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। हिंसक भीड़ को रोकने के लिए वहां तैनात जवानों ने हवा में फायर किए। शामली जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मतदान पहले की तरह जारी है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये वीडियो