BMC ने तोड़ा कंगना रनौत का ऑफिस, अभिनेत्री ने मुंबई को फिर बताया 'PoK'

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की टीम ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के ऑफिस और घर के एक हिस्से को ढहा दिया है। BMC का कहना था कि इसका निर्माण अवैध तरीके से किया गया था। वहीं कंगना ने कहा कि उनके घर में कोई भी अवैध निर्माण नहीं है। अब हाई कोर्ट ने भी कंगना की याचिका पर सुनवाई करते हुए BMC की कार्रवाई पर रोक लगा दी है और उसे अभिनेत्री की याचिका पर जवाब देने को कहा है।
संजय राउत और कंगना की बयानबाजी से जोड़ी जा रही कार्रवाई
BMC की इस कार्रवाई को शिवसेना सांसद संजय राउत और कंगना के बीच चल रही बयानबाजी से भी जोड़ा जा रहा है। दरअसल, सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से कंगना लगातार मुंबई पुलिस पर सवाल उठा रही है। उन्होंने एक ट्वीट में मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से करते हुए लिखा कि वो खुद को यहां असुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें मुंबई पुलिस पर भरोसा नहीं है।
कंगना और राउत के बीच चल रही तू तू-मैं मैं
कंगना के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा था कि वो महाराष्ट्र का अपमान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर कंगना को मुंबई में डर लगता है तो उन्हें वापस इस शहर में नहीं आना चाहिए। राउत ने उन पर निजी हमला भी किया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उन्हें अभिव्यवक्ति की पूरी आजादी है और वो देश में कहीं भी जा सकती है।
कंगना ने मुंबई को फिर बताया 'PoK'
बुधवार को अपने ऑफिस और घर का हिस्सा तोड़े जाने की तस्वीर शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, 'मैं कभी गलत नहीं थी और मेरे दुश्मनों ने इसे बार-बार साबित किया है। इसीलिए मेरी मुंबई अब PoK बन गई है।'
कंगना बोली- घर में कोई अवैध निर्माण नहीं
कंगना ने अपने ट्वीट में लिखा, 'मेरे घर में कोई भी अवैध निर्माण नहीं हैं। साथ ही सरकार ने कोरोना वायरस के कारण 30 सितंबर तक निर्माण कार्यों को ढहाने पर रोक लगाई हुई है। बुल्लीवुड अब देखो, फासीवाद ऐसा दिखता है।'' कंगना बुधवार को ही हिमाचल प्रदेश से मुंबई आ रही है। उनके इस दौरे के कुछ समय पहले ही उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी।
यहां देखिये कंगना का ट्वीट
I am never wrong and my enemies prove again and again this is why my Mumbai is POK now #deathofdemocracy 🙂 pic.twitter.com/bWHyEtz7Qy
— Kangana Ranaut (@KanganaTeam) September 9, 2020
तीन दिन से लगातार दौरा कर रही है BMC की टीम
इससे पहले BMC की टीम ने मंगलवार को कंगना के ऑफिस का दौरा किया था। तब वहां मौजूद उनके स्टाफ को अवैध निर्माण को लेकर नोटिस दिया गया था। कंगना ने इसकी जानकारी देते हुए कहा था कि BMC ने उनके ऑफिस का लीकेज ठीक कराने का नोटिस दिया है। सोमवार को भी BMC की टीम ने कंगना के पाली स्थित ऑफिस और घर का दौरा किया था। तब कंगना ने कहा था कि उनका बंगला तोड़ा जा सकता है।
मंगलवार को BMC ने जारी किया था नोटिस
मंगलवार को BMC ने कंगना को नोटिस जारी कर कहा था कि अभिनेत्री को अपने परिसर में चल रहे काम को रोकना होगा और इस 'अवैध' निर्माण के लिए हासिल की गई अनुमति दिखानी होगी। कंगना के इसके जवाब के लिए 24 घंटे दिए गए थे। BMC ने स्थानीय अदालत में कैविएट भी दायर किया है कि अगर कंगना उनके नोटिस को चुनौती देते है तो पहने उनका पक्ष सुना जाए। बुधवार को नोटिस समय पूरा हो गया।
बुधवार को ऑफिस के बाहर चस्पा किया गया नोटिस
बुधवार को कंगना के ऑफिस के बाहर नोटिस चस्पा कर BMC अधिकारियों ने कहा कि वो उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हैं और इस हिस्से को तोड़ा जाएगा। इसमें कहा गया है कि नोटिस के बावजूद काम को नहीं रोका गया था।
कंगना ने फोटो शेयर कर लिखा पाकिस्तान
Pakistan.... #deathofdemocracy pic.twitter.com/4m2TyTcg95
— Kangana Ranaut (@KanganaTeam) September 9, 2020