Page Loader
FBI की मोस्ट वांटेड भगौड़ों की लिस्ट में गुजराती शख्स, चार सालों से चल रही तलाश

FBI की मोस्ट वांटेड भगौड़ों की लिस्ट में गुजराती शख्स, चार सालों से चल रही तलाश

Oct 19, 2019
03:12 pm

क्या है खबर?

अमेरिका की खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) पिछले चार सालों एक गुजराती भगौड़े की तलाश में जुटी है। गुजरात के अहमदनगर के विरमगाम के रहने वाले भद्रेश पटेल पिछले चार सालों से FBI के 10 मोस्ट वांटेड भगौड़े की लिस्ट में शामिल है। FBI ने भद्रेश पर एक लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 70 लाख रुपये) का ईनाम रखा है। FBI पटेल को निर्दयी हत्यारा और 'बेहद खूंखार' अपराधी मानती है, जिसने अपनी पत्नी की हत्या की थी।

लिस्ट

2017 से इस लिस्ट में शामिल हैं पटेल

FBI की यह लिस्ट समय-समय पर बदलती रहती है, लेकिन पटेल साल 2017 से इस लिस्ट में बने हुए हैं। इस साल भी पटेल का नाम इस लिस्ट में दूसरे खतरनाक भगौड़ों के साथ शामिल किया गया है। काउंटी पुलिस के जासूस केली हार्डिंग इस पटेल की खोज में FBI की मदद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पटेल ने नृशंस तरीके अपनी जवान पत्नी की हत्या की थी। वह दृश्य बहुत खौफनाक था।

आरोप

पटेल पर है अपनी पत्नी की हत्या का आरोप

घटना के समय 24 वर्षीय पटेल अपनी 21 वर्षीय पत्नी पलक के साथ मेरीलैंड में डंकिन डोनट्स स्टोर में काम करते थे। CCTV फुटेज में पाया गया कि एक नाइट शिफ्ट के दौरान पति-पत्नी दोनों किचन की तरफ गए। कुछ देर बाद पटेल बाहर आए। उसके बाद पटेल ने किचन में चल रहा ओवन बंद किया और स्टोर से बाहर निकल गए। उनके हावभाव देखकर लग रहा था जैसे कुछ नहीं हुआ। वह सामान्य तरीके से चलकर बाहर आए।

डाटा

2015 से फरार हैं पटेल

यह घटना 12 अप्रैल, 2015 की है। जांच में पता चला कि पटेल ने चाकू से गोदकर पलक की हत्या की थी। पलक के शरीर पर कई घाव पाए गए। पत्नी की हत्या करने के बाद पटेल स्टोर से निकलकर पैदल होटल तक गए।

तलाश

दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात में तलाशी अभियान चला रही FBI

इस घटना के बाद से FBI पटेल की तलाश में जुटी है। इसके लिए गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र में तलाशी अभियान चलाया गया है। कई स्थानों पर पटेल की अलग-अलग फोटो वाले पोस्टर चिपकाए गए हैं। दिल्ली में FBI के एजेंट कई राज्यों के पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर पटेल के जानने वालों पर नजर रखे हुए हैं। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पटेल को ढूंढने के प्रयास जारी हैं।