LOADING...
उत्तर प्रदेश: मऊ जिले में सिलेंडर फटने से ढहा मकान, 10 की मौत, कई घायल

उत्तर प्रदेश: मऊ जिले में सिलेंडर फटने से ढहा मकान, 10 की मौत, कई घायल

Oct 14, 2019
11:25 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सिलेंडर फटने से दो मंजिला इमारत ढह गई, जिससे कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंच हालात का जायजा लिया। आइये, इस घटना के बारे में विस्तार से जानते हैं।

हादसा

सिलेंडर में गैस रिसाव से लगी आग

जानकारी के मुताबिक, मऊ के वलीदपुर गांव में छोटू बढ़ई के घर में सोमवार सुबह करीब सात बजे महिलाएं नाश्ता बना रही थी। इसी दौरान गैस रिसाव होने से सिलेंडर में आग लग गई। इससे पहले की आग बुझाई जाती, सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। इतना ही नहीं, आसपास के मकानों को भी धमाके से नुकसान पहुंचा है और उनमें दरारें आ गईं।

बचाव

पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर चलाया राहत अभियान

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। कई घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे में कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और राष्ट्रीय आपदा राहत बल की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया। बाद में आला अधिकारियों के साथ एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई।

ट्विटर पोस्ट

हादसे के बाद मौके पर जमा लोग

जानकारी

योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने और पीड़ितों को हर संभव मदद एवं राहत देने के निर्देश दिए हैं।