LOADING...
आंध्र प्रदेश: ग्रेनाइट खदान हादसे में ओडिशा के 6 प्रवासी मजदूरों की मौत 
आंध्र प्रदेश में ग्रेनाइट खदान के धंसने से 6 मजदूरों की मौत हो गई

आंध्र प्रदेश: ग्रेनाइट खदान हादसे में ओडिशा के 6 प्रवासी मजदूरों की मौत 

Aug 03, 2025
10:44 pm

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में रविवार को सत्यकृष्ण ग्रेनाइट खदान में एक दुखद घटना में ओडिशा के 6 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई । यह हादसा तब हुआ जब चट्टान का एक बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे 16 मजदूर मलबे में दब गए। सूचना पर पहुंचे बचाव दल ने अन्य मजदूरों की सहायता से 6 शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 10 अन्य लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। घायलों में 4 की हालत गंभीर है।

जांच

सरकार ने सुरक्षा उल्लंघनों की जांच के आदेश दिए

बापटला के पुलिस अधीक्षक (SP) तुषार डूडी ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया और बचाव एवं राहत कार्यों की देखरेख कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि खदान में अपर्याप्त सुरक्षा उपायों के कारण दुर्घटना हुई होगी। घायल मजदूरों को इलाज के लिए नरसारावपेट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, राज्य सरकार ने खदान में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संज्ञान

मुख्यमंत्री ने लिया दुर्घटना पर संज्ञान

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस गंभीर घटना का संज्ञान लिया है और इसके कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है कि घायल श्रमिकों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार मिले। बता दें कि हादसे के समय वहां कुल दो दर्जन से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे, लेकिन 16 मलबे में दब गए थे, जिनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई थी।