जम्मू-कश्मीर: खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई। श्रद्धालुओं को बालटाल और नूनवान आधार शिविरों में रोका गया है।
यात्रा अनंतनाग जिले के पहलगाम और गंदेरबेल जिले के बालटाल में रोकी गई है। इन दोनों रास्तों से ही श्रद्धालु गुफा मंदिर तक दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
जानकारी के मुताबिक, कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही तेज वर्षा हो रही है, जिसकी वजह से श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
यात्रा स्थगित
श्रद्धालुओं की संख्या 84,000 के पार पहुंची
जानकारी के मुताबिक, 30 जून से यात्रा शुरू हुई है और अभी तक 84,000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं। घाटी तक पहुंचने वाले श्रद्धालु 43,833 हैं। यात्रा 31 अगस्त को समाप्त हो जाएगी।
मौसम विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। बताया जा रहा है कि मौसम के ठीक होते ही यात्रा फिर से शुरू की जाएगी।