Page Loader
मुंबई में बढ़ती कोरोना संक्रमितों की संख्या के चलते 99 प्रतिशत ICU बेड भरे

मुंबई में बढ़ती कोरोना संक्रमितों की संख्या के चलते 99 प्रतिशत ICU बेड भरे

May 29, 2020
09:41 pm

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी हो रही है। शुक्रवार को भारत 1,65,799 संक्रमितों की संख्या के साथ सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में नौवें पायदान पर पहुंच गया है। भारत में सबसे ज्यादा हालत खराब महाराष्ट्र राज्य की है और वहां भी मुंबई में सबसे ज्यादा मरीज है। यही कारण है कि मुंबई में तैयार किए गए कुल ICU बेड में से 99 प्रतिशत पर मरीजों का कब्जा हो गया है।

रिपोर्ट

BMC द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में हुआ खुलासा

बृहनमुंबई महानगर पालिका (BMC) की ओर से गुरुवार को जारी की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई में गंभीर कोरोना मरीजों के लिए कुल 645 ICU बेड तैयार किए गए थे। बढ़ती मरीजों की संख्या के कारण गुरुवार तक इनमें से 99 प्रतिशत यानी 638 बेडो पर मरीजों का कब्जा हो गया है। वर्तमान में अस्पतालों में महज 7 ICU बेड ही खाली है। BMC की इस रिपोर्ट ने सरकार के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है।

अधिक लक्षण

कोरोना के अधिक लक्षण वाले मरीजों के 96 प्रतिशत बेड भरे

BMC की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई में कोरोना के अधिक लक्षण वाले मरीजों के इलाज के लिए कुल 6,099 बेड तैयार किए गए थे। इनमें से अब तक 96 प्रतिशत बेड भर चुके हैं। इसी प्रकार मध्यम लक्षण वाले मरीजों के लिए कोविड स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध 1437 बेड में 80 प्रतिशत बेड भर चुके हैं। अब मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते शहर में बेडो की कमी आने का खतरा बढ़ गया है। BMC व्यवस्था करने में जुटी है।

जानकारी

72 प्रतिशत वेंटीलेटरों पर चल रहा है उपचार

BMC की रिपोर्ट के अनुसार मंबई में ऑक्‍सीजन सपोर्ट के 4,292 बेडों में से 65 प्रतिशत यानी 2,789 बेड पर मरीजों का उपचार चल रहा है। इसी प्रकार 373 वेंटीलेटर में से 72 फीसदी यानी 268 पर मरीजों का इलाज चल रहा है।

राहत

BEST और BMC के 52 प्रतिशत कर्मचारी हुए ठीक

BMC आयुक्त इकबाल चहल ने बताया कि शहर में अब तक BMC के 1,500 और BEST के 250 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। पहले उनके ठीक होने का प्रतिशत बहुत कम था, लेकिन अब उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। यही कारण है कि गुरुवार तक उनके ठीक होने का प्रतिशत 26 प्रतिशत से बढ़कर 52 प्रतिशत पर पहुंच गया है। इसी तरह अन्य कर्मचारियों की सेहत में भी तेजी से सुधार हो रहा है।

सील

मुंबई में अब तक 3,097 बिल्डिंगों को किया सील

BMC आयुक्त ने बताया कि मुंबई में अब तक 3,097 बिल्डिंगों को सील किया गया है। इसी तरह कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 696 हो गई है। राहत ये है कि बड़ी संख्या में मरीज ठीक होकर लौटे हैं, लेकिन नए संक्रमितों की संख्या पर नियंत्रण नहीं होने से प्रशासन की चिंता बनी हुई है। अभी तक कुल 18,616 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है और गुरुवार को 698 मरीजों ने कोरोना पर विजय प्राप्त की है।

संक्रमण

महाराष्ट्र और मुंबई में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

महाराष्ट्र में पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन औसतन 2,000 नए मरीज सामने आ रहे हैं। ऐसे में यहां अब संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 59,546 हो गई है और अब तक 1,982 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह मुंबई में गुरुवार को 1,438 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 35,273 तक पहुंच गई है। मुंबई में गुरुवार को 38 लोगों की मौत हुई है। ऐसे में यहां अब तक 1,135 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।