कोरोना वायरस: भारत में लगातार छठे दिन 50,000 से अधिक नए मामले, 803 की मौत
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 52,050 नए मामले सामने आए और 803 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। ये लगातार छठा ऐसा दिन है जब देश में 50,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं।
इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 18,55,745 हो गई है, वहीं 38,938 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 5,86,298 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 12 लाख पार
ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 44,306 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 12,30,509 हो गई है, जो कुल मामलों की 66.30 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 6,61,892 टेस्ट किए गए गए, जो अब तक एक दिन में किए गए सबसे अधिक टेस्ट हैं। इसी के साथ देश में कुल टेस्टों की संख्या 2.08 करोड़ हो गई है।
राज्यों की स्थिति
ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य
महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 4,50,196 मामले सामने आए हैं जिनमें से 15,842 मरीजों की मौत हुई है।
वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 2,63,222 मामले सामने आए हैं और 4,241 की मौत हुई है।
1,537 मौत और 1,66,586 मामलों के साथ आंध्र प्रदेश और 4,021 मौत और 1,38,482 मामलों के साथ दिल्ली अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले
कई बड़े राज्यों में नए मामलों में कमी
महाराष्ट्र में बीते दिन 8,968 नए मामले सामने आए और 266 लोगों की मौत हुई। राज्य में कई दिन बाद 9,000 से कम नए मामले सामने आए हैं।
वहीं आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 7,822 नए मामले और तमिलनाडु में 5,609 मामले सामने आए।
देश की राजधानी दिल्ली में बीते दिन 805 मामले सामने आए और 17 लोगों की मौत हुई। शहर में बीते दो दिन से 1,000 से कम मामले सामने आ रहे हैं।
नेताओं में संक्रमण
सिद्धारमैया भी पाए गए कोरोना वायरस से संक्रमित
इस बीच देश के राजनीतिक गलियारों में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है और आज सुबह कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा नेता विपक्ष सिद्धारमैया को संक्रमित पाया गया।
इससे पहले देश के गृह मंत्री अमित शाह और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को भी रविवार को इस खतरनाक वायरस से संक्रमित पाया गया था। अब तक केंद्रीय गृह मंत्री, दो मुख्यमंत्री और एक राज्यपाल समेत कई बड़े नेताओं को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है।
दुनिया की स्थिति
अमेरिका और ब्राजील सबसे अधिक प्रभावित देश
पूरी दुनिया की बात करें तो अब तक 1.82 करोड़ लोग इस खतरनाक वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 6.92 लाख मरीजों की मौत हुई है।
सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका में 47.13 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.55 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 27.50 लाख संक्रमितों में से 94,665 की मौत हुई है।
संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में पांचवें स्थान पर है।