Page Loader
मुंबई हवाई अड्डे पर व्हीलचेयर न मिलने पर डेढ़ किलोमीटर पैदल चला बुजुर्ग, मौत
मुंबई हवाई अड्डे पर व्हीलचेयर न मिलने से बुजुर्ग की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर: फ्रीपिक)

मुंबई हवाई अड्डे पर व्हीलचेयर न मिलने पर डेढ़ किलोमीटर पैदल चला बुजुर्ग, मौत

लेखन गजेंद्र
Feb 16, 2024
11:00 am

क्या है खबर?

देश के सबसे व्यस्त मुंबई हवाई अड्डे पर एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को व्हीलचेयर नहीं मिली, जिससे उनको डेढ़ किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। इससे उनकी मौत हो गई। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ विमान से उतरकर 1.5 किलोमीटर की दूरी पर बने टर्मिनल के इमिग्रेशन काउंटर तक पैदल गए थे। यहां वे बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें हवाई अड्डे पर प्राथमिक उपचार के बाद नानावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया।

चिंताजनक

बुजुर्ग ने टिकट बुकिंग के समय मांगी थी व्हीलचेयर

मृतक बुजुर्ग भारतीय मूल के अमेरिकी पासपोर्ट धारक थे। उन्होंने रविवार को अपनी बुजुर्ग पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट AI-116 से न्यूयॉर्क से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी और सोमवार दोपहर 2ः10 बजे मुंबई पहुंचे। बुजुर्ग दंपति ने टिकट बुकिंग के समय ही व्हीलचेयर मांगी थी, लेकिन जब हवाई अड्डे पर उतरे तो बुजुर्ग दंपति में सिर्फ एक को व्हीलचेयर मिली। ऐसे में बुजुर्ग ने अपनी पत्नी को व्हीलचेयर पर बैठाया और खुद उनके पीछे पैदल-पैदल चले।

मदद

अन्य कई यात्रियों को भी नहीं मिली व्हीलचेयर

रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क से मुंबई आई एयर इंडिया की उड़ान में करीब 32 यात्री ऐसे थे, जो व्हीलचेयर की मदद से चलते हैं, लेकिन इसमें से सिर्फ 15 को ही व्हीलचेयर और सहायक उपलब्ध कराया गया। घटना के बाद एयर इंडिया की ओर से सफाई दी गई है। उन्होंने बताया कि व्हीलचेयर की भारी मांग होने के कारण उन्होंने यात्री को थोड़ी देर इंतजार करने को कहा था, लेकिन उन्होंने अपने जीवनसाथी के साथ पैदल चलने का विकल्प चुना।

सफाई

एयर इंडिया ने क्या कहा?

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने न्यूजबाइट्स को बताया, "एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 12 फरवरी को न्यूयॉर्क से मुंबई आ रहे हमारे एक यात्री की तबीयत खराब हो गई। वे अपनी पत्नी के साथ थे, जो व्हीलचेयर पर थीं। व्हीलचेयर की भारी मांग के चलते हमने यात्री से उन्हें भी व्हीलचेयर सहायता प्रदान करने तक रुकने को कहा था, लेकिन उन्होंने अपने जीवनसाथी के साथ पैदल जाना चुना।" उन्होंने कहा कि बीमार पड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था।

जानकारी

यात्री के परिजनों के संपर्क में एयर इंडिया

एयरलाइन ने कहा कि वह यात्री के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है। उसने कहा कि कंपनी की बुकिंग के समय व्हीलचेयर मांगने वाले हर यात्री को व्हीलचेयर प्रदान करने की नीति है।